नाहन : हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के अल्ट्रा रनर सुनील शर्मा 17 अक्टूबर 2026 को होने वाली बैकयार्ड अल्ट्रा वर्ल्ड टीम चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इस प्रतियोगिता में 72 देशों की टीमें अपने-अपने देशों में एक साथ दौड़ेंगी। प्रतियोगिता का प्रारूप ऐसा है कि धावकों को हर घंटे 6.7 किलोमीटर का एक चक्कर पूरा करना होगा।
निर्धारित समय में अगला चक्कर शुरू नहीं कर पाने वाले धावक प्रतियोगिता से बाहर हो जाएंगे। यह सिलसिला तब तक जारी रहेगा, जब तक केवल एक धावक मैदान में नहीं रह जाता।
सुनील शर्मा के नाम भारतीय स्तर पर 52 चक्कर पूरे करने का रिकॉर्ड है। उन्होंने इस दौरान लगभग 349 किलोमीटर की दूरी तय की थी। अब विश्व टीम चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए वह इसी चुनौतीपूर्ण प्रारूप में अपनी सहनशक्ति और निरंतरता का प्रदर्शन करेंगे।
भारत की सैटेलाइट चैंपियनशिप 17 अक्टूबर को शाम 5:30 बजे पुणे में शुरू होगी। इसी आयोजन के माध्यम से भारतीय धावक विश्व टीम चैंपियनशिप में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
बैकयार्ड अल्ट्रा रेस में धावकों के लिए सिर्फ लंबी दूरी तय करना ही चुनौती नहीं होती, बल्कि हर घंटे तय समय के भीतर निर्धारित दूरी पूरी करना और अगले चक्कर के लिए समय पर तैयार रहना भी जरूरी होता है।
एक चक्कर पूरा करने में चूकने या अगला चक्कर समय पर शुरू नहीं कर पाने पर धावक का सफर समाप्त हो जाता है। इसी वजह से प्रतियोगिता में शारीरिक क्षमता के साथ धैर्य, रणनीति और लगातार प्रदर्शन बनाए रखना भी अहम होता है।
अब सिरमौर के सुनील शर्मा विश्व टीम चैंपियनशिप में भारत की ओर से इस कठिन चुनौती का सामना करेंगे।

