चंबा : हिमाचल प्रदेश के जनजातीय क्षेत्र पांगी की ग्राम पंचायत करयूनी-कोठी के सेरी गांव में आग लगने से दो मंजिला लकड़ी का मकान पूरी तरह जलकर राख हो गया। हालांकि, आग लगने का कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। गनीमत ये रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
मकान में आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा घर इसकी चपेट में आ गया। इस घटना में मकान मालिक देवी सिंह पुत्र फत्तु राम को लाखों रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। आग की लपटों से पड़ोस में स्थित अमर सिंह के मकान को भी आंशिक नुकसान पहुंचा है।
जानकारी के अनुसार मकान से आग की लपटें और धुआं उठता देख पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए। इसी बीच पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची।
ग्रामीणों, पुलिस और दमकल कर्मियों ने संयुक्त रूप से आग बुझाने के लिए कड़ी मशक्कत की। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे लपटों को आसपास के अन्य घरों तक फैलने से रोक लिया गया। हालांकि, तब तक प्रभावित देवी सिंह का दो मंजिला लकड़ी का मकान पूरी तरह जल चुका था।
रेजिडेंट कमिश्नर एवं एसडीएम पांगी अमनदीप ने घटना की पुष्टि की है। प्रशासन के अनुसार आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं, राजस्व विभाग की टीम को नुकसान का विस्तृत आकलन करने के निर्देश दिए गए हैं। आकलन के बाद प्रभावित परिवार को नियमानुसार राहत राशि प्रदान की जाएगी।
