होमAccidentट्रैफिक कंट्रोल करते वक्त 2 बसों की चपेट में आने से हिमाचल...

ट्रैफिक कंट्रोल करते वक्त 2 बसों की चपेट में आने से हिमाचल पुलिस के SI की गई जान, CM सुक्खू ने जताया दुख

चिंतपूर्णी पुलिस ने दोनों बस चालकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच करेगी।

ऊना : हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना में चिंतपूर्णी के भरवाईं चौक पर यातायात सुचारू करवाते समय दो बसों के बीच फंसने से SI राजेश कुमार धीमान की मौत हो गई। चिंतपूर्णी पुलिस थाने में तैनात 53 वर्षीय राजेश कुमार को भरवाईं में जाम लगने की सूचना मिली थी।

वह पुलिस टीम के साथ राष्ट्रीय राजमार्ग-503 पर भरवाईं वन विभाग कार्यालय के पास सड़क के मोड़ पर ट्रैफिक खुलवाने पहुंचे थे। इसी दौरान दो बसों को पास करवाते समय वह उनके बीच आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों बस चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार भरवाईं चौक पर जाम लगने की सूचना आपातकालीन नंबर 112 पर मिली थी। इसके बाद एसआई राजेश कुमार धीमान अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और यातायात सुचारू करवाने लगे। इसी दौरान मुबारिकपुर (ऊना) और कांगड़ा की दिशा से आ रही दो बसें एक-दूसरे को क्रॉस करने लगीं। इस दौरान राजेश कुमार दोनों बसों के बीच फंस गए और बुरी तरह घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

ये भी पढ़ें:  घनारी की चंगा बस्ती सड़क पर यातायात 30 दिन के लिए बंद, ट्रैफिक घनारी-नंगल जरियालां रोड पर डायवर्ट

मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें तुरंत चिंतपूर्णी अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, लेकिन टांडा ले जाते समय भरवाईं के समीप ही उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया है।

बस चालकों के खिलाफ मामला दर्ज
चिंतपूर्णी पुलिस ने दोनों बस चालकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच करेगी। इसके आधार पर हादसे की परिस्थितियों का पता लगाकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पोस्टमार्टम के बाद राजेश कुमार के पार्थिव शरीर को कुछ समय के लिए चिंतपूर्णी पुलिस थाने लाया जाएगा। इसके बाद पार्थिव शरीर को उनके पैतृक स्थान नगरोटा सूरियां, जिला कांगड़ा ले जाया जाएगा, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

ये भी पढ़ें:  पहले दराटी से वार, फिर डंडे से पीट दी अपनी मां, बीच-बचाव करने आई बहू को धमकाया, रेणुकाजी थाने में केस

पत्नी, बेटा और बेटी को छोड़ गए पीछे
53 वर्षीय राजेश कुमार धीमान मूल रूप से कांगड़ा जिले के नगरोटा सूरियां के रहने वाले थे। वह अपने पीछे पत्नी, एक बेटा और एक बेटी छोड़ गए हैं। उनका बेटा बीटेक की पढ़ाई कर रहा है, जबकि बेटी शोध कार्य में जुटी है। पुलिस विभाग के सहयोगियों और स्थानीय लोगों के अनुसार, राजेश कुमार मेहनती, ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी थे।

उनके निधन पर चिंतपूर्णी थाने के अधिकारियों और कर्मचारियों ने गहरा दुख व्यक्त किया है। डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने कहा कि पुलिस विभाग ने अपना एक जवान खो दिया है और इस दुख की घड़ी में पूरा विभाग शोक संतप्त परिवार के साथ खड़ा है। चिंतपूर्णी व्यापार मंडल सहित स्थानीय लोगों ने भी राजेश कुमार के निधन पर शोक जताया है।

ये भी पढ़ें:  ददाहू में सड़क पर रेत-बजरी और पत्थर डाल यातायात प्रभावित करने पर FIR, पुलिस जांच में जुटी

CM सुक्खू ने जताया दुख
उधर, इस हादसे पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने गहरा शोक प्रकट किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर गहरी संवेदनाएं प्रकट करते हुए कहा कि हादसा बेहद दुखद है। ईश्वर दिवंगत की आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोक-संतप्त परिवार को इस अपार दुःख की घड़ी में धैर्य एवं संबल प्रदान करें। इस दुःखद घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिवारजन के साथ हैं।

Crime Desk Himachal
Crime Desk Himachalhttps://aapkibaatnews.com
क्राइम डेस्क हिमाचल, हिमाचल प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में अपराध, पुलिस कार्रवाई, कानून-व्यवस्था, जांच और न्यायिक मामलों से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को तेज, सटीक और विश्वसनीय तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। हमारा उद्देश्य अपराध जगत की हर बड़ी अपडेट, पुलिस की कार्रवाई और जनसरोकार से जुड़े मामलों को तथ्यात्मक और प्रभावशाली अंदाज में प्रस्तुत करना है।

Latest Articles

Explore More