शिमला : अंडर-19 राज्य स्तरीय मेजर गेम्स प्रतियोगिता के तहत आयोजित रग्बी खेल ट्रायल प्रतियोगिता में जिला शिमला की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाकर जिले का नाम रोशन किया। हाल ही में चंबा में संपन्न हुई प्रतियोगिता में शिमला के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल कौशल, टीम भावना और खेल के प्रति समर्पण का परिचय दिया।
जिला शिमला की ओर से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मशोबरा, एमईएस हाई स्कूल मशोबरा, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोटी, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चौपाल तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कैना के विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता में भाग लिया। सभी खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
जिला शिमला की टीम के कोच नंदलाल शर्मा ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता के दौरान शानदार खेल दिखाया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और आपसी तालमेल के चलते टीम ने सेमीफाइनल तक का सफर तय किया।
उन्होंने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि खिलाड़ी भविष्य में भी इसी तरह मेहनत और लगन से खेलते हुए जिला शिमला और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

