होमHimachalहिमाचल में नवरात्रि पर 10.25 लाख श्रद्धालुओं ने किए शक्तिपीठों के दर्शन,...

हिमाचल में नवरात्रि पर 10.25 लाख श्रद्धालुओं ने किए शक्तिपीठों के दर्शन, बेहतर सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस को मिली CM की सराहना

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से उन पुलिस कर्मियों के योगदान की सराहना की, जिन्होंने लंबे समय तक ड्यूटी पर तैनात रहकर यह सुनिश्चित किया कि श्रद्धालुओं को दर्शन के दौरान किसी प्रकार की अनावश्यक असुविधा का सामना न करना पड़े।

शिमला : मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने 11 से 19 अक्तूबर, 2026 तक आयोजित नवरात्रि के दौरान प्रदेश के सात प्रमुख शक्तिपीठों एवं मंदिरों में दर्शन करने पहुंचे 10,25,726 श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं सुचारू दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश पुलिस की सराहना करते हुए बधाई दी है।

मुख्यमंत्री ने पुलिस कर्मियों के समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और व्यावसायिक दक्षता की सराहना करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश के पवित्र धार्मिक स्थलों में लाखों की संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा सुनिश्चित करना प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

उन्होंने श्रद्धालुओं की यात्रा को सुखद, सुरक्षित एवं सुविधाजनक बनाने के लिए पुलिस, जिला प्रशासन, मंदिर न्यासों, होमगार्ड तथा अन्य संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय और सामूहिक प्रयासों की सराहना की।

नौ दिवसीय नवरात्रि उत्सव के दौरान प्रदेश के सात प्रमुख मंदिरों में कुल 10,25,726 श्रद्धालुओं और 1,04,520 वाहनों की आवाजाही दर्ज की गई। नवरात्रि के दौरान श्री नैना देवी जी मंदिर में सर्वाधिक 3,95,226 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।

श्री ज्वालामुखी जी में 1,80,000, श्री चिंतपूर्णी जी में 1,39,000, श्री बाला सुंदरी जी त्रिलोकपुर में 1,06,600, श्री चामुंडा देवी जी में 70,500, श्री ब्रजेश्वरी देवी जी में 69,400 तथा श्री बगलामुखी जी मंदिर में 65,000 श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे।

पहाड़ी क्षेत्रों में स्थित इन मंदिरों तक पहुंचने वाले संकरे मार्गों और सीमित पार्किंग सुविधाओं के बीच श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या का व्यवस्थित प्रबंधन करना एक चुनौतीपूर्ण कार्य था।

ये भी पढ़ें:  सीएम सुक्खू का एलान: देहरा में 46 करोड़ से बनेगी प्रदेश की पहली ओजोन आधारित पेयजल परियोजना

इसे ध्यान में रखते हुए हिमाचल प्रदेश पुलिस ने भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, पार्किंग प्रबंधन, कतारों के संचालन तथा जनसुरक्षा के लिए व्यापक प्रबंध किए। इन प्रयासों से श्रद्धालु शांतिपूर्ण ढंग से और बिना किसी अनावश्यक परेशानी के अपने आराध्य के दर्शन कर सके।

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से उन पुलिस कर्मियों के योगदान की सराहना की, जिन्होंने लंबे समय तक ड्यूटी पर तैनात रहकर यह सुनिश्चित किया कि श्रद्धालुओं को दर्शन के दौरान किसी प्रकार की अनावश्यक असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने इस दौरान मंदिर प्रबंधन, स्वयंसेवकों, स्थानीय निवासियों तथा श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए सहयोग के लिए भी आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री ने नागरिकों एवं प्रदेश में आने वाले पर्यटकों से अपील की कि पुलिस, अग्निशमन या एंबुलेंस जैसी आपातकालीन सहायता की आवश्यकता होने पर वे चौबीसों घंटे उपलब्ध आपातकालीन हेल्पलाइन ईआरएसएस-112 का उपयोग करें।

पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार का प्रोत्साहन पुलिस बल को जनसेवा के प्रति और अधिक समर्पण, संवेदनशीलता एवं व्यावसायिक दक्षता के साथ कार्य करने के लिए प्रेरणा स्रोत है।

पुलिस महानिदेशक ने नवरात्रि के दौरान व्यवस्थाओं में तैनात संबंधित जिलों के पुलिस अधीक्षकों, पर्यवेक्षण अधिकारियों तथा पुलिस कर्मियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश पुलिस प्रदेश में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु एवं पर्यटक की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के दृष्टिगत पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है।

ये भी पढ़ें:  सिरमौर: बिना कोचिंग किसान का ये बेटा बना अग्निवीर, दूसरे प्रयास में पाया मुकाम

मुख्यमंत्री ने शबनम जस्सल को दी बधाई
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कांगड़ा जिला के इंदौरा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत शेखूपुर गांव की अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल खिलाड़ी शबनम जस्सल को श्रीलंका में आयोजित अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करने पर बधाई दी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शबनम जस्सल की यह उपलब्धि हिमाचल के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की बेटियां खेलों के क्षेत्र में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं तथा अपनी प्रतिभा और मेहनत से प्रदेश का नाम रोशन कर रही हैं।

शबनम की यह सफलता विशेष रूप से उभरती हुई महिला खिलाड़ियों सहित प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।

मुख्यमंत्री ने शबनम जस्सल के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वह भविष्य में भी सफलता के नए आयाम स्थापित करेंगी तथा अपनी उपलब्धियों से हिमाचल और देश का गौरव बढ़ाती रहेंगी।

निषाद कुमार को दी बधाई
मुख्यमंत्री ने हिमाचल प्रदेश के होनहार पैरा एथलीट निषाद कुमार को जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियाई पैरा खेल 2026 में पुरुषों की लंबी कूद (टी-47) स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई दी है।

ये भी पढ़ें:  चिंतपूर्णी मंदिर में अब दुकानों से नहीं मिलेगी ‘शॉर्टकट एंट्री’, अनधिकृत रास्ते होंगे सील; SDM ने जारी किए सख्त आदेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि निषाद कुमार ने 7.11 मीटर की सर्वश्रेष्ठ छलांग लगाकर यह शानदार उपलब्धि हासिल की है, जो हिमाचल प्रदेश सहित पूरे देश के लिए गर्व का विषय है।

उन्होंने कहा कि निषाद कुमार की यह सफलता उन सभी लोगों के लिए प्रेरणास्रोत है, जो यह विश्वास रखते हैं कि दिव्यांगता सफलता की राह में कभी बाधा नहीं बन सकती। उनके दृढ़ संकल्प, अथक परिश्रम और समर्पण ने साबित कर दिया है कि मजबूत इच्छाशक्ति और निरंतर प्रयासों से हर चुनौती को पार कर सफलता के नए शिखर छुए जा सकते हैं तथा प्रदेश और देश का नाम रोशन किया जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने निषाद कुमार को उनके उज्ज्वल भविष्य और आगामी खेल प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वह भविष्य में भी अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित करते रहेंगे।

Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Deskhttps://aapkibaatnews.com
आपकी बात न्यूज डेस्क देश, प्रदेश और स्थानीय स्तर की हर महत्वपूर्ण खबर को तेज, विश्वसनीय और तथ्यात्मक तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। राजनीति, समाज, प्रशासन, शिक्षा, अपराध, मनोरंजन और जनसरोकार से जुड़े हर मुद्दे पर सटीक जानकारी और प्रभावशाली प्रस्तुति हमारी प्राथमिकता है, ताकि पाठकों को हर बड़ी अपडेट एक ही मंच पर मिल सके।

Latest Articles

Explore More