नाहन : जिला मुख्यालय नाहन में दशहरे पर बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक उत्सव धूमधाम से मनाया गया। नगर परिषद की ओर से चौगान मैदान में आयोजित कार्यक्रम में 40 फीट ऊंचे रावण और 35-35 फीट ऊंचे कुंभकर्ण व मेघनाद के पुतलों का दहन किया गया।
नाहन के विधायक अजय सोलंकी, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल और सांसद सुरेश कश्यप ने मिलकर पुतलों को आग लगाई। इसके साथ ही लंका का भी दहन किया गया।
दशहरा उत्सव देखने के लिए चौगान मैदान में सैकड़ों लोग जुटे। इस दौरान हिंदू, मुस्लिम और सिख समुदाय के लोगों ने भाग लेकर धार्मिक एकता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।
पुतलों के दहन के साथ हुई आतिशबाजी ने आसमान को रंग-बिरंगी रोशनी से भर दिया। नाहन नगर परिषद की चेयरमैन उपमा धीमान भी इस अवसर पर मौजूद रहीं।

