पांवटा साहिब : उपमंडल पांवटा साहिब के बद्रीपुर में शर्मा पेट्रोल पंप के पास रामलीला आयोजन के दौरान स्वागत टीम में खड़े एक व्यक्ति के साथ मारपीट का मामला सामने आया है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि मुख्य अतिथि के स्वागत के लिए खड़े होने के दौरान तीन लोगों ने उसका रास्ता रोककर गाली-गलौज की और विरोध करने पर उसे जमीन पर गिराकर पीटा। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, राजेश कुमार निवासी वार्ड नंबर-4, बद्रीपुर ने पुलिस थाना पांवटा साहिब में शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत में उसने आरोप लगाया कि शर्मा पेट्रोल पंप के पास रामलीला का आयोजन चल रहा था और वह मुख्य अतिथि के स्वागत के लिए स्वागत टीम के साथ खड़ा था।
इसी दौरान सुखदेव सिंह और उसके दो बेटों ने पंडाल से बाहर उसका रास्ता रोक लिया और गाली-गलौज शुरू कर दी।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि शिकायतकर्ता के मुताबिक जब उसने उन्हें रोकने की कोशिश की तो सुखदेव सिंह और उसके दोनों बेटों ने उसे नीचे गिराकर मारपीट की।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। मामले में आगामी अन्वेषण जारी है।
