नाहन : शहर के वाल्मीकि चौक पर 23 अक्टूबर को दो समुदायों के बीच हुए विवाद, पथराव और हिंसक झड़प के मामले में गिरफ्तार 11 आरोपियों को अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए हैं।
वहीं, पुलिस मामले की जांच आगे बढ़ाते हुए वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
बता दें कि 23 अक्टूबर को हुई हिंसक झड़प और पत्थरबाजी में पुलिस कर्मियों सहित दोनों पक्षों के 14 लोग घायल हुए थे।
इस दौरान सार्वजनिक और निजी संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा था। महर्षि वाल्मीकि जयंती समारोह संपन्न होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज की और वीडियो व सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद दोनों समुदायों के 11 लोगों को गिरफ्तार किया।
पुलिस अब घटना से जुड़े अन्य लोगों की पहचान के लिए फुटेज की जांच कर रही है। ऐसे में इस मामले में और गिरफ्तारियां होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
जिला सिरमौर के पुलिस अधीक्षक निश्चित सिंह नेगी ने बताया कि पत्थरबाजी की घटना में गिरफ्तार आरोपियों को शुक्रवार को अदालत में पेश किया गया था, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
जिला सिरमौर पुलिस ने आम जनता से क्षेत्र में शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की है।
पुलिस ने लोगों से किसी भी तरह की अफवाह पर विश्वास न करने और अपुष्ट या भड़काऊ सामग्री सोशल मीडिया पर साझा न करने का आग्रह किया है। साथ ही कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।

