होमHimachalShimlaवन कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर प्रधान मुख्य अरण्यपाल से मिले...

वन कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर प्रधान मुख्य अरण्यपाल से मिले महासंघ के पदाधिकारी, कई मुद्दे उठाए

महासंघ ने उम्मीद जताई कि विभागीय नेतृत्व के सहयोग से कर्मचारियों की लंबित समस्याओं का समाधान होगा

शिमला : वन अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ हिमाचल प्रदेश की नवनिर्वाचित राज्य कार्यकारिणी ने राज्य अध्यक्ष दिनेश शर्मा के नेतृत्व में प्रधान मुख्य अरण्यपाल एवं वन बल प्रमुख सुशील कुमार सिंगला से मुलाकात की। इस दौरान महासंघ ने वन कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न लंबित मुद्दों को उठाते हुए उनके समाधान की मांग की।

बैठक में महासंघ के पदाधिकारियों ने वन बल प्रमुख को महासंघ के चुनाव और नई राज्य कार्यकारिणी के गठन की जानकारी दी। साथ ही आगामी कार्ययोजना पर चर्चा करते हुए पदोन्नत वन खंड अधिकारियों की जल्द पोस्टिंग, स्थानांतरण नीति में बदलाव, वनरक्षक से वरिष्ठ वनरक्षक पद पर पदोन्नति, फील्ड ड्रेस, वनरक्षकों की भर्ती और कैंटीन सुविधा जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए।

ये भी पढ़ें:  चंबा में घुमंतू गुज्जर समुदाय के भविष्य की बड़ी पहल, शिक्षा से रोजगार तक सशक्तिकरण का रोडमैप तैयार

इस अवसर पर वन बल प्रमुख सुशील कुमार सिंगला ने वनरक्षकों और वन खंड अधिकारियों को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में रहकर जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए, ताकि वन सुरक्षा और संरक्षण के कार्यों को अधिक प्रभावी बनाया जा सके। उन्होंने विशेष रूप से उन क्षेत्रों में कर्मचारियों के लिए सरकारी आवासों की व्यवस्था करने पर जोर दिया, जहां आवास उपलब्ध नहीं हैं या मौजूदा आवासों की स्थिति ठीक नहीं है।

उन्होंने निर्देश दिए कि नए आवासों के निर्माण तथा पुराने आवासों की मरम्मत और सुधार से संबंधित आवश्यक मांगें 5 दिसंबर से पहले CAMPA की वार्षिक कार्ययोजना (APO) में शामिल करवाई जाएं, ताकि इनके लिए बजट का प्रावधान किया जा सके।

ये भी पढ़ें:  राष्ट्रीय आइस स्केटिंग चैंपियनशिप के लिए सीएम ने रवाना किया 60 खिलाड़ियों का दल

महासंघ की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी ने वन बल प्रमुख का समय देने और सकारात्मक मार्गदर्शन के लिए आभार जताया। महासंघ ने उम्मीद जताई कि विभागीय नेतृत्व के सहयोग से कर्मचारियों की लंबित समस्याओं का समाधान होगा और कर्मचारी कल्याण के साथ वन सुरक्षा एवं संरक्षण के कार्यों को भी मजबूती मिलेगी।

इस अवसर पर वन अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ हिमाचल प्रदेश के महासचिव हंसराज शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष नायब सिंह, संयुक्त सचिव संजीव शर्मा, प्रेस सचिव नाहन वन वृत्त सिद्धार्थ भारद्वाज और सदस्य प्रवीण शर्मा मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें:  प्रकृति की गोद में गुजारना हो वक्त तो पहुंचे यहां, याद आएगा अंग्रेजों का जमाना
Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Desk
"आपकी बात न्यूज़" एक लोकप्रिय हिंदी समाचार प्लेटफॉर्म है, जो राजनीति, समसामयिक घटनाओं, मनोरंजन, खेल और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर ताजे अपडेट्स प्रदान करता है।

Latest Articles

Explore More