होमHimachalSolanआधी रात अवैध खनन में पकड़े ट्रैक्टर को थाने ले जाने से...

आधी रात अवैध खनन में पकड़े ट्रैक्टर को थाने ले जाने से रोकने पहुंचे 7 लोग गिरफ्तार, 2 गाड़ियां भी जब्त, मिला लाखों का कैश

पुलिस थाना बद्दी में सातों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और माइनिंग एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

बद्दी : जिला सोलन के बद्दी में अवैध खनन के खिलाफ आधी रात कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम का रास्ता रोकने और डराने-धमकाने का मामला सामने आया है।

मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सभी सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मौके से दो गाड़ियां भी जब्त की गई हैं, जबकि एक कार से 1 लाख 16 हजार रुपये की नकदी बरामद हुई है।

पुलिस के अनुसार 26-27 नवंबर की मध्यरात्रि को सूचना मिली थी कि CEPT प्लांट मलपुर के पास केन्दुवाल खड्ड में अवैध खनन किया जा रहा है। सूचना पर बद्दी थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और अवैध खनन सामग्री से लदे एक ट्रैक्टर को पकड़ा। ट्रैक्टर पर नंबर प्लेट नहीं लगी हुई थी। इसके बाद पुलिस ने माइनिंग एक्ट के तहत कार्रवाई की।

ये भी पढ़ें:  हरप्रीत देओल के गानों पर जमकर थिरके IEC यूनिवर्सिटी के विद्यार्थी, ‘जश्न-ए-आगाज़’ में खूब जमा रंग

एसपी बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि पुलिस टीम जब ट्रैक्टर को थाने ले जा रही थी तो क्लार्क होटल के पास दो गाड़ियों ने पुलिस टीम का रास्ता रोक दिया।

इनमें सवार सात लोगों ने पुलिस कर्मियों को डराने-धमकाने और ट्रैक्टर को आगे ले जाने से रोकने का प्रयास किया। इस पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सभी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तरलोचन सिंह निवासी कड़ुआना, गुरप्रीत निवासी शीतलपुर, हर्ष कुमार और विक्रम सिंह निवासी स्वराज माजरा, अमरजीत सिंह निवासी स्वराज माजरा, सर्वजीत और गुरप्रीत निवासी कड़ुआना के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक बोलेरो और एक स्विफ्ट डिजायर गाड़ी भी जब्त की। स्विफ्ट डिजायर से 1,16,000 रुपये की नकदी भी बरामद हुई। नकदी के संबंध में आरोपी संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए, जिसके बाद पुलिस ने इसे भी जब्त कर लिया।

ये भी पढ़ें:  हेलमेट और बाइक के वाइजर में छिपाकर ले जा रहे थे चिट्टा, 3 गिरफ्तार; ICE समेत 58.23 ग्राम नशा बरामद

पुलिस थाना बद्दी में सातों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और माइनिंग एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगामी जांच कर रही है।

Crime Desk Himachal
Crime Desk Himachalhttps://aapkibaatnews.com
क्राइम डेस्क हिमाचल, हिमाचल प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में अपराध, पुलिस कार्रवाई, कानून-व्यवस्था, जांच और न्यायिक मामलों से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को तेज, सटीक और विश्वसनीय तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। हमारा उद्देश्य अपराध जगत की हर बड़ी अपडेट, पुलिस की कार्रवाई और जनसरोकार से जुड़े मामलों को तथ्यात्मक और प्रभावशाली अंदाज में प्रस्तुत करना है।

Latest Articles

Explore More