होमHimachalShimlaअब सप्ताह के सातों दिन होगी रोबोटिक सर्जरी, प्रदेश में 15 माह...

अब सप्ताह के सातों दिन होगी रोबोटिक सर्जरी, प्रदेश में 15 माह में हुए 1100 से ज्यादा ऑपरेशन

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सप्ताह के सातों दिन रोबोटिक सर्जरी करने के निर्देश दिए हैं।

शिमला : मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सप्ताह के सातों दिन रोबोटिक सर्जरी करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री शनिवार को रोबोटिक सर्जरी कार्यक्रम की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।

उन्होंने प्रदेश में मात्र 15 महीनों के अल्प समय में 1,100 से अधिक रोबोटिक सर्जरी करने की उपलब्धि हासिल करने पर चिकित्सकों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि रोबोटिक तकनीक की सहायता से कोलन सर्जरी, प्रोस्टेट कैंसर सर्जरी और किडनी ट्रांसप्लांट जैसी जटिल सर्जरी सफलतापूर्वक की गई हैं।

उन्होंने इस उपलब्धि के लिए चिकित्सकों को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने नई और आधुनिक तकनीक को शीघ्रता से आत्मसात किया और बेहतर परिणाम दिए हैं। उन्होंने युवा चिकित्सकों को भी रोबोटिक सर्जरी में दक्ष बनाने के लिए प्रशिक्षण प्रदान करने के निर्देश दिए।

ये भी पढ़ें:  पत्ते, फूल, फलियां और छाल तक उपयोगी, पोषक तत्वों का भंडार है ये ‘मैजिक प्लांट’; हिमाचल सरकार दे रही बढ़ावा

सुक्खू ने कहा कि प्रदेश के चार चिकित्सा महाविद्यालयों में यह अत्याधुनिक सर्जरी सुविधा एम्स दिल्ली की तुलना में काफी कम दरों पर उपलब्ध करवाई जा रही है।

उन्होंने कहा कि अटल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सुपर स्पेशियलिटी चमियाणा, डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय टांडा, श्री लाल बहादुर शास्त्री राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय नेरचौक तथा इंदिरा गांधी चिकित्सा महाविद्यालय शिमला में मरीजों को रोबोटिक सर्जरी की सुविधा प्रदान की जा रही है।

उन्होंने कहा कि रोबोटिक सर्जरी के माध्यम से मरीजों के अस्पताल में रहने की अवधि ओपन सर्जरी की तुलना में 50 से 75 प्रतिशत तक कम हो रही है। इस तकनीक में शल्य चीरा बहुत छोटा लगाया जाता है और रक्तस्राव भी न्यूनतम होता है, जिससे मरीजों को शीघ्र स्वस्थ होने में मदद मिलती है।

ये भी पढ़ें:  मां शूलिनी मेला-2026 के मंच पर चमकने का मौका, कलाकारों के ऑडिशन 15 से 18 जून तक

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब हिमाचल प्रदेश के मरीजों को उन्नत सर्जरी उपचार के लिए राज्य से बाहर जाने की आवश्यकता नहीं है। प्रदेश सरकार इस सुविधा का विस्तार राज्य के अन्य चिकित्सा महाविद्यालयों में भी करने पर विचार कर रही है, ताकि अधिक से अधिक मरीजों को अपने घरों के नजदीक ही आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।

उन्होंने कहा कि अब तक 41 सर्जन और 34 केयर टीम सदस्यों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। प्रशिक्षित केयर टीम में नर्सें, ऑपरेशन थिएटर सहायक और अन्य सहयोगी कर्मचारी शामिल हैं। उन्होंने चिकित्सा महाविद्यालयों से लंबित ऑपरेशनों की रिपोर्ट भी मांगी।

ये भी पढ़ें:  अब कुल्लू-किन्नौर के नाम से नहीं अपने ब्रांड से बिकेगा पांगी का सेब, CM सुक्खू ने लॉन्च किया नया ब्रांड

बैठक में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, अटल मेडिकल यूनिवर्सिटी मंडी के कुलपति डॉ. डी के वर्मा, सचिव स्वास्थ्य आशीष सिंहमार और निदेशक चिकित्सा शिक्षा डॉ. गोपाल बेरी उपस्थित थे। चिकित्सा महाविद्यालयों के प्रधानाचार्य वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Deskhttps://aapkibaatnews.com
आपकी बात न्यूज डेस्क देश, प्रदेश और स्थानीय स्तर की हर महत्वपूर्ण खबर को तेज, विश्वसनीय और तथ्यात्मक तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। राजनीति, समाज, प्रशासन, शिक्षा, अपराध, मनोरंजन और जनसरोकार से जुड़े हर मुद्दे पर सटीक जानकारी और प्रभावशाली प्रस्तुति हमारी प्राथमिकता है, ताकि पाठकों को हर बड़ी अपडेट एक ही मंच पर मिल सके।

Latest Articles

Explore More