मंडी : एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए हमीरपुर (बणी) ने कुल 160 रिक्तियों के लिए अधिसूचना जारी की है। जिला रोजगार कार्यालय मंडी को प्राप्त मांगपत्र के आधार पर इन पदों के लिए 2 दिसंबर से विभिन्न उप-रोजगार कार्यालयों में साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे।
जिला रोजगार अधिकारी अरविंद सिंह चौहान ने बताया कि इन पदों के लिए दसवीं पास अभ्यर्थी साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं। अभ्यर्थियों की न्यूनतम आयु 19 वर्ष तथा अधिकतम आयु 40 वर्ष निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों की न्यूनतम लंबाई 168 सेंटीमीटर तथा वजन 55 से 95 किलोग्राम होना आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि कंपनी द्वारा 8 घंटे की ड्यूटी के लिए 17,000 रुपये से 18,000 रुपये प्रतिमाह तथा 12 घंटे की ड्यूटी के लिए 20,000 रुपये से 24,000 रुपये प्रतिमाह वेतन प्रदान किया जाएगा। वेतन के अतिरिक्त ईपीएफ, ईएसआईसी, बीमा, ग्रेच्युटी एवं पेंशन की सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी।
चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति कांगड़ा, शिमला, सोलन, ऊना, सिरमौर एवं चंडीगढ़ में की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों को कंपनी द्वारा एक माह का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिसके बाद उन्हें विभिन्न हॉस्टलों में तैनात किया जाएगा।
कंपनी के मांगपत्र के अनुसार प्रशिक्षण शुल्क 10,900 रुपये निर्धारित किया गया है, जो कंपनी के नियमानुसार रिफंडेबल होगा। उन्होंने इच्छुक आवेदकों से अनुरोध किया है कि वे अपने सभी मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्रों एवं छायाप्रति, पासपोर्ट साइज फोटोग्राफ, आधार कार्ड व रोजगार पंजीकरण पत्र सहित साक्षात्कार के लिए उपस्थित हो सकते हैं।
यह साक्षात्कार 2 दिसंबर की सुबह 10:30 बजे से उप-रोजगार कार्यालय गोहर, 3 दिसंबर को उप-रोजगार कार्यालय सुंदरनगर, 4 दिसंबर को जिला रोजगार कार्यालय मंडी, 5 को उप-रोजगार कार्यालय पधर, 7 दिसंबर को उप-रोजगार कार्यालय करसोग, 8 को उप-रोजगार कार्यालय बालीचौकी, 9 को उप-रोजगार कार्यालय सरकाघाट और 10 को सुबह 10:30 बजे से उप-रोजगार कार्यालय जोगिंद्रनगर में आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि साक्षात्कार में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा। अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय एवं मॉडल करिअर सेंटर मंडी के दूरभाष नंबर 01905-235508 पर संपर्क किया जा सकता है।

