HomeHimachalबसंतपुर वृद्धाश्रम का हाल : कर्मचारियों को वेतन न बुजुर्गों को मिल...

बसंतपुर वृद्धाश्रम का हाल : कर्मचारियों को वेतन न बुजुर्गों को मिल रहा इलाज, उमंग फाउंडेशन ने लिखा पत्र

शिमला : राज्य सरकार के बसंतपुर स्थित वृद्धाश्रम को ग्रांट न मिलने से कर्मचारियों को वेतन और बुजुर्गों को दवा-इलाज के लाले पड़ गए हैं. उमंग फाउंडेशन के अध्यक्ष प्रो. अजय श्रीवास्तव ने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सचिव आशीष सिंघमार को पत्र लिखकर तुरंत कार्रवाई की मांग की है.

अजय श्रीवास्तव ने कहा कि ग्रांट नहीं मिलने से वृद्धाश्रम के कर्मचारियों को 2 महीने से वेतन नहीं मिल रहा है. वृद्धाश्रम के पास बजट खत्म होने से बीमार बुजुर्गों को टेस्ट और ईलाज के लिए आईजीएमसी शिमला नहीं ले जाया जा रहा है. इनमें से एक बुजुर्ग को पेशाब में खून आने की समस्या है, जिसे तुरंत जांच और ईलाज चाहिए.

ये भी पढ़ें:  सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के भरे जाएंगे 150 पद, इन तिथियों पर होंगे कैंपस इंटरव्यू

उन्होंने बताया कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के इस वृद्धाश्रम में 5 नियमित, 2 दैनिक भोगी, आउटसोर्स पर 3 सफाई कर्मचारी और 4 सिक्योरिटी गार्ड हैं. यहां कुल 50 बुजुर्ग रहते हैं, जिनमें से अधिकांश शारीरिक अथवा मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं से ग्रस्त हैं.

बुजुर्गों को इमरजेंसी में अस्पताल ले जाने के लिए अनुबंध पर एक वाहन की व्यवस्था है, लेकिन भुगतान की दिक्कतों के कारण आजकल वाहन भी उपलब्ध नहीं है. वृद्धाश्रम में राशन उधार पर आ रहा है. यदि वृद्धाश्रम को ग्रांट मिलने में और देरी हुई तो बुजुर्गों को भोजन मिलना बंद हो सकता है.

अजय श्रीवास्तव ने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सचिव को भेजे पत्र में मांग की कि वृद्धाश्रम को ग्रांट तुरंत जारी की जाए. इस वृद्धाश्रम के साथ भेदभाव बंद कर सरकार नारी सेवा सदन और बाल आश्रम की तर्ज पर ग्रांट-इन-एड की जगह नियमित बजट आवंटित किया जाए.

ये भी पढ़ें:  नाहन में भारत विकास परिषद की नई टीम घोषित, यशपाल शर्मा को अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी

उल्लेखनीय है कि वृद्धाश्रम में बुजुर्गों के मानवाधिकारों के गंभीर उल्लंघन के मद्देनजर अजय श्रीवास्तव ने वर्ष 2012 में आवाज उठाई थी. हाइकोर्ट ने उनकी जनहित याचिका पर 4 जून 2015 को अपने फैसले में सरकार को कड़ी फटकार लगाते हुए बुजुर्गों के मानवाधिकारों की पूर्ण सुरक्षा और एक साल के भीतर वृद्धाश्रम का नया भवन बनाने के आदेश दिए थे. इसके बाद सरकार ने वृद्धाश्रम का नया आधुनिक भवन बनाया था.

ये भी पढ़ें:  प्रदेश को मिला पहला ऑटोमेटिड ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक एवं ट्रैफिक पार्क, उपमुख्यमंत्री ने किया लोकार्पण
Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More