नाहन : जिला सिरमौर के क्षेत्रीय बागवानी अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र धौलाकुआं की ओर से विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत बुधवार को पड़दूनी, डोइयांवाला, भारापुर और धौलाकुआं में किसानों के लिए प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए गए। इस मौके पर केंद्र की सह निदेशक डॉ. प्रियंका ठाकुर ने इस अभियान के बारे में किसानों को विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि यह एक राष्ट्रव्यापी अभियान है, जिसमें पूरे देश के कृषि विज्ञान केंद्र, प्रशिक्षण केंद्र और विश्वविद्यालयों के सभी वैज्ञानिक शिविरों के माध्यम से किसानों से जुड़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि देशभर में लगभग 1.5 करोड़ किसानों से वैज्ञानिकों का सीधा संवाद चल रहा है। इसके तहत किसानों को खेती की नई तकनीकों और सरकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की जा रही है।
इस अवसर पर डा. प्रियंका ठाकुर ने किसानों को फूलों की महत्वता और खेती के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि किसान गेंदा, रजनी गंधा, गुलाब, डेहलिया और सजावटी पौधे लगाकर अपनी आर्थिकी को मजबूत कर सकते हैं। जिला सिरमौर में फूलों की खेती की भारी संभावनाएं हैं। जिले के विभिन्न इलाकों में किसान फूलों की खेती कर आत्मनिर्भर बन रहे हैं।
वहीं, केंद्र की फल विशेषज्ञ डॉ. शिल्पा ने आम, अमरूद, जामुन, नींबू, लीची और किन्नू की खेती के बारे में विस्तार से किसानों के साथ बातचीत की और उनकी दिक्कतों का समाधान किया। उन्होंने किसानों को फलों का क्षेत्र बढ़ाने संबंधित सुझाव भी दिए। इस मौके पर क्षेत्र सहायक राकेश कुमार और प्रयोगशाला सहायक रोहित कुमार भी मौजूद रहे।