HomeHimachalवॉटर स्पोटर्स फेस्टिवल के लिए हो जाइए तैयार, गोविंद सागर झील और...

वॉटर स्पोटर्स फेस्टिवल के लिए हो जाइए तैयार, गोविंद सागर झील और कोल डैम में गूंजेंगी रोमांच की लहरें

यह महोत्सव आगामी 10 से 12 अक्टूबर, 2025 तक आयोजित होगा, जिसमें देशभर से प्रसिद्ध खिलाड़ी और पर्यटक भाग लेंगे।

बिलासपुर : जिला बिलासपुर में पर्यटन को नई पहचान देने और जल क्रीड़ा गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस वर्ष तीन दिवसीय वॉटर स्पोर्ट्स महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह महोत्सव आगामी 10 से 12 अक्टूबर, 2025 तक आयोजित होगा, जिसमें देशभर से प्रसिद्ध खिलाड़ी और पर्यटक भाग लेंगे।

इसको लेकर जिला मुख्यालय स्थित बचत भवन में डीसी बिलासपुर राहुल कुमार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। बैठक में आयोजन को सफल बनाने के लिए महोत्सव के स्वरूप, आयोजन स्थलों, बजट और विभिन्न समितियों के गठन पर विस्तार से चर्चा की गई।

डीसी ने बताया कि यह आयोजन पर्यटन, खेल, व्यापार और रोज़गार सृजन सोसाइटी के तत्वाधान में किया जाएगा। इसमें राष्ट्रीय स्तर की ड्रैगन नाव दौड़, कायकिंग और कैनोइंग प्रतियोगिताएं आकर्षण का मुख्य केंद्र रहेंगी। साथ ही अन्य रोचक जल क्रीड़ा गतिविधियों को भी शामिल किया जाएगा, जिससे यह महोत्सव पर्यटकों के लिए अविस्मरणीय अनुभव बने और भविष्य में बिलासपुर को जल क्रीड़ाओं के स्थायी केंद्र के रूप में स्थापित किया जा सके।

ये भी पढ़ें:  सोलन में जनगणना- 2027 के लिए फील्ड ट्रेनर का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू

उन्होंने कहा कि कायकिंग और कैनोइंग प्रतियोगिताएं कोल डैम, जबकि ड्रैगन बोट रेसिंग गोविंद सागर झील में लुहनू मैदान से मंडी भराड़ी पुल के बीच आयोजित की जाएंगी। इन प्रतियोगिताओं से प्रतिभागियों और दर्शकों को रोमांचक अनुभव मिलेगा और जिला जल क्रीड़ा गतिविधियों का नया केंद्र बनकर उभरेगा।

डीसी ने कहा कि गोविंद सागर झील का प्राकृतिक सौंदर्य और कोल डैम का विशाल जलक्षेत्र इस आयोजन को विशेष पहचान देंगे। पर्यटन को बढ़ावा देने और स्थानीय लोगों को रोजगार से जोड़ने के लिए जिला प्रशासन ऐसे आयोजनों को निरंतर प्रोत्साहित कर रहा है।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि महोत्सव को आकर्षक नाम और प्रतीक चिन्ह (लोगो) दिया जाएगा। आयोजन की सफलता के लिए बजट का प्रावधान किया जाएगा और विभिन्न समितियों का गठन किया जाएगा। साथ ही सिविल सोसाइटी, व्यापार मंडल और अन्य स्वैच्छिक संस्थाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि यह महोत्सव सामूहिक उत्सव का रूप ले सके।

ये भी पढ़ें:  सिरमौर में ‘सड़क सुरक्षा–जीवन रक्षा’ अभियान का आगाज, नाहन में निकाली जागरूकता बाइक रैली

इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त ओमकांत ठाकुर, विभिन्न विभागों के अधिकारी, गोविंद सागर जल क्रीड़ा संघ के अध्यक्ष हेमराज ठाकुर और हिमाचल जल क्रीड़ा सोसाइटी के राज्य महासचिव इशान अख्तर सहित समिति के सभी सदस्य उपस्थित रहे।

Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More