HomeHimachalSirmaurRSS स्वयंसेवकों का अनुशासन राष्ट्र निर्माण की नींव: सूबेदार ज्ञान बहादुर

RSS स्वयंसेवकों का अनुशासन राष्ट्र निर्माण की नींव: सूबेदार ज्ञान बहादुर

मुख्य वक्ता सोलन विभाग प्रचारक अनिल ने कहा कि संघ की स्थापना 1925 में डॉ. केशवराव बलिराम हेडगेवार ने हिंदू समाज को संगठित करने के उद्देश्य से की थी।

नाहन : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) ने अपने शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में रविवार को कालाअंब में खंड एकत्रीकरण और पथ संचलन का आयोजन किया। कार्यक्रम में अनुशासन और सामाजिक समरसता पर जोर दिया गया।

मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त सूबेदार ज्ञान बहादुर ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि संघ ने अपने स्वयंसेवकों के अंदर राष्ट्रभक्ति का भाव कूट-कूटकर भरा है।

उन्होंने 1947 के कश्मीर आक्रमण और 1962 के भारत-चीन युद्ध में स्वयंसेवकों के सहयोग को याद किया। उन्होंने समाज से संघ के सेवा कार्यों में सहयोग करने की अपील भी की।

मुख्य वक्ता सोलन विभाग प्रचारक अनिल ने कहा कि संघ की स्थापना 1925 में डॉ. केशवराव बलिराम हेडगेवार ने हिंदू समाज को संगठित करने के उद्देश्य से की थी।

उन्होंने कहा कि संस्कार ही राष्ट्र को महान बनाते हैं और संघ की शाखाएं इन्हीं संस्कारों का केंद्र हैं। उन्होंने वर्तमान में पश्चिमी सभ्यता की कुरीतियों से निपटने के लिए संघ के शताब्दी वर्ष के लक्ष्य “पंच परिवर्तन” परिवार प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, नागरिक कर्तव्य, सामाजिक समरसता और स्वदेशी को अपनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर प्रमुख समाज सेवक रोहित शर्मा ने कहा कि संघ के स्वयंसेवकों का यह अनुशासन राष्ट्र निर्माण की नींव है। युवा पीढ़ी को सामाजिक समरसता के लिए इस संगठन से प्रेरणा लेनी चाहिए।

ये भी पढ़ें:  सिरमौर में वर्ष 2026 के स्थानीय अवकाश बदले, डीसी ने जारी किया शुद्धिपत्र, जानें मेलों और त्योहारों पर कब रहेगी छुट्टी

इससे पहले कार्यक्रम का शुभारंभ शस्त्र पूजन और ध्वजारोहण से हुआ, जिसमें 211 स्वयंसेवकों ने भाग लिया। बाद में मुख्य बाजार में निकाले गए अनुशासित पथ संचलन का स्थानीय नागरिकों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।

इस अवसर पर जिला संघ चालक चंद्रमोहन, सह जिला कार्यवाह मृणाल कौशिक और अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More