नाहन : कार्तिक संक्रांति के पावन अवसर पर शनिवार को श्री रेणुकाजी तीर्थ में हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया। श्री रेणुकाजी विकास बोर्ड की ओर से आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में श्रद्धालुओं ने आहुतियां डालकर सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।
संक्रांति और नवरात्रि के इस पावन मौके पर जिले के अन्य प्रमुख मंदिरों में भी श्रद्धालुओं ने देवी-देवताओं के दर्शन किए और आशीर्वाद प्राप्त किया।
श्री रेणुकाजी तीर्थ में आयोजित हवन-यज्ञ में लोक निर्माण विभाग के श्री रेणुकाजी उपमंडल के एसडीओ अपनी माता के साथ मुख्य याज्ञिक के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ श्री रेणुकाजी विकास बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी भरत सिंह ठाकुर और बोर्ड सदस्य इंद्र प्रकाश गोयल भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
अनुष्ठान में मंदिर के मुख्य पुजारी रमेश कपिल, पंडित रवि दत्त, बोर्ड कर्मचारी माता राम, तारा चंद, राजेंद्र शर्मा, विक्रम सिंह, रोशन लाल और गोविंद सिंह सहित अन्य श्रद्धालुओं ने भाग लिया। धार्मिक विधि-विधान के साथ हवन-यज्ञ संपन्न हुआ।
इस अवसर पर सिरमौर जिले के अन्य धार्मिक स्थलों पर भी श्रद्धालुओं की आवाजाही रही। त्रिलोकपुर स्थित उत्तर भारत के प्रसिद्ध महामाया बाला सुंदरी मंदिर, नाहन के कालीस्थान मंदिर, जमटा के बालासुंदरी मंदिर, कोलर के कटासन देवी मंदिर और हरिपुरधार स्थित मां भंगायणी मंदिर में श्रद्धालुओं ने शीश नवाया। ग्रामीण क्षेत्रों में भी कुल देवी-देवताओं के मंदिरों में पूजा-अर्चना का दौर चला।
