Home Accident हिमाचल में दर्दनाक हादसा, बोलेरो कैंपर खाई में गिरने से 2 महिलाओं...

हिमाचल में दर्दनाक हादसा, बोलेरो कैंपर खाई में गिरने से 2 महिलाओं सहित 3 की मौत, 2 घायल

हादसे में चालक समेत दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति और एक महिला घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए खनेरी स्थित अस्पताल पहुंचाया गया है। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर है।

0
accident

रामपुर : हिमाचल प्रदेश के जिला शिमला के रामपुर उपमंडल की चिकसा-बाहलीधार सड़क पर शांदल नाले के पास शुक्रवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया, जहां एक बोलेरो कैंपर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में चालक समेत दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति और एक महिला घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए खनेरी स्थित अस्पताल पहुंचाया गया है।

जानकारी के अनुसार बोलेरो कैंपर चिकसा की ओर जा रही थी। चालक दूध ढुलाई का कार्य करता था और शाम को घर लौटते समय उसने आसपास के चार लोगों को वाहन में लिफ्ट दी थी। इस बीच शांदल नाले के पास वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के वक्त गाड़ी में चालक सहित तीन महिलाएं और एक अन्य व्यक्ति सवार थे। गिरते समय एक व्यक्ति और एक महिला गाड़ी से बाहर गिर गए, जबकि चालक और दो महिलाएं वाहन के साथ खाई में गिर गए।

ये भी पढ़ें:  अहमदाबाद विमान हादसे में 265 लोगों की मौत की पुष्टि

हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे। पुलिस को घटना की सूचना दी। दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि तीनों शवों को स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद खाई से सड़क तक लाया गया। बताया जा रहा है कि गाड़ी के गिरते ही उसमें आग भड़क गई थी।

मृतकों की पहचान चालक कपिल देव (41) निवासी गांव चिकसा, तहसील रामपुर, पुष्पा देवी (67) पत्नी विशेषर लाल निवासी मझाली और उर्मिला देवी (40) पुत्री सोहन लाल निवासी मझाली के रूप में हुई है। घायलों की पहचान राकेश कुमार (39) पुत्र प्रकाश चंद निवासी चिकसा और लीला देवी (41) निवासी चिकसा के रूप में हुई है। उधर, पुलिस थाना रामपुर ने केस दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर है।

ये भी पढ़ें:  ‘चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट’ का दल शैक्षणिक भ्रमण के लिए रवाना, सीएम सुक्खू ने दिखाई हरी झंडी