Home Breaking नाहन ओपन जेल से हत्या के जुर्म में सजा काट रहा 65...

नाहन ओपन जेल से हत्या के जुर्म में सजा काट रहा 65 साल का बंदी ‘फरार’, तलाश जारी

इसकी भनक तब जेल प्रशासन को लगी जब रोल कॉल के दौरान वह जेल से गैरहाजिर पाया गया। जिस दिन ये कैदी फरार हुआ जेल अधीक्षक भी छुट्टी पर थे। लिहाजा, पुलिस को तुरंत इस घटना की जानकारी दी गई।

0

नाहन : हिमाचल प्रदेश की नाहन जेल एक बार फिर चर्चा में है। यहां आजीवन कारावास की सजा काट रहा 65 वर्षीय एक बंदी ओपन जेल से फरार हो गया है। इस घटना से जेल प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस व जेल की टीमें लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई हैं। फिलहाल, कई घंटे बीत जाने के बाद भी कैदी का कोई सुराग नहीं लग पाया है।

जानकारी के अनुसार जेल से फरार हरियाणा के शाहबाद निवासी हरीश कुमार हत्या के एक मामले में 20 साल की सजा काट चुका है। हैरान करने वाली बात यह है कि उसके अच्छे व्यवहार के चलते लंबे समय से उसे ओपन जेल में रखा गया था। पिछले 6 माह से उसे मंदिर की देखरेख, पूजा अर्चना और साफ-सफाई का काम सौंपा गया था। इस बीच गत वीरवार की शाम वह मंदिर से फरार हो गया।

ये भी पढ़ें:  एक मेगावाट के शिव कृपा सोलर पावर प्रोजेक्ट का विधायक सोलंकी ने किया लोकार्पण, बोले...

इसकी भनक तब जेल प्रशासन को लगी जब रोल कॉल के दौरान वह जेल से गैरहाजिर पाया गया। जिस दिन ये कैदी फरार हुआ जेल अधीक्षक भी छुट्टी पर थे। लिहाजा, पुलिस को तुरंत इस घटना की जानकारी दी गई।

सूत्रों के अनुसार कैदी हरीश की पेरोल भी मंजूर हो चुकी थी। यहां तक की इस बंदी की प्रीमेच्योर रिहाई की फाइल भी लगी हुई थी। इसके बावजूद उसने फरार होने जैसा कदम उठाया। जानकारी मिली है कि हरीश को सांस की गंभीर समस्या है, जिसकी वजह से वह ज्यादा चल-फिर भी नहीं सकता और उसका लगातार उपचार भी चल रहा था।

ये भी पढ़ें:  छैला-यशवंत नगर सड़क की DPR केंद्र सरकार को भेजी, जल्द शुरू होगा काम: विक्रमादित्य

बता दें कि इन दिनों नाहन जेल इस वजह से भी चर्चा में है, क्योंकि हाल ही में जेल में सजा काट रहे दो कैदियों की एक के बाद एक अचानक तबियत बिगड़ने से मौत हो चुकी है। अस्पताल के जाते समय ही दोनों ने दम तोड़ा। अब कैदी के फरार होने से जेल प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है।

उधर, जेल अधीक्षक भानु प्रकाश शर्मा ने कैदी के फरार होने की पुष्टि की है। कैदी का आचरण काफी अच्छा था। इस वजह से उसे ओपन जेल में मंदिर में पूजा पाठ और साफ सफाई का काम सौंपा गया था। जेल प्रशासन और पुलिस टीमें लगातार फरार कैदी की तलाश में जुटी है।

ये भी पढ़ें:  वंदे मातरम के गौरवमयी 150 वर्ष: हिमाचल पुलिस ब्रास बैंड की देशभक्ति धुनों से गूंजा नाहन