बीबीएन : मखनूमाजरा में हुए गोलीकांड के मामले में बद्दी पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी मनप्रीत सिंह निवासी गांव मखनूमाजरा, तहसील बद्दी, जिला सोलन को गिरफ्तार किया है।
गौरतलब है कि 28 फरवरी 2026 को बद्दी के मखनूमाजरा क्षेत्र में हुए गोलीकांड के संबंध में पुलिस थाना बद्दी में मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच के दौरान बद्दी पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है और इससे पहले इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मामले की गंभीरता को देखते हुए बद्दी पुलिस प्रकरण के हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है।
17 हजार का गुम मोबाइल बरामद कर लौटाया
बद्दी पुलिस ने गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी में सफलता हासिल की है। एक शिकायत के आधार पर CEIR पोर्टल पर दर्ज गुम हुए 17 हजार की अनुमानित लागत के VIVO कंपनी के मोबाइल फोन को ट्रेस कर बद्दी पुलिस ने सफलतापूर्वक बरामद कर लिया।
बरामद मोबाइल को नियमानुसार उसके वास्तविक मालिक को सुपुर्द कर दिया गया है। बद्दी पुलिस ने कहा है कि आम जनता की सहायता और सुरक्षा के लिए भविष्य में भी इस प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी।


