पांवटा साहिब : जिला सिरमौर के पुरुवाला थाना क्षेत्र में एक कंपनी मालिक के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। शिकायत के अनुसार आरोपी कंपनी मालिक नकदी, कंपनी के महत्वपूर्ण दस्तावेज और वाहन लेकर फरार हो गया।
पांवटा साहिब के नारीवाला स्थित यमुना बेवरेजेज प्राइवेट लिमिटेड के लेखाकार मोहित कुमार ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है कि उनकी कंपनी को M/S K.M Engineering Solution नामक कंपनी मशीनरी, स्पेयर पार्ट्स और कच्चा माल सप्लाई करती थी। उक्त कंपनी के मालिक कावेश मल्होत्रा निवासी गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) हैं।
शिकायत में बताया गया है कि उनकी कंपनी द्वारा M/S K.M Engineering Solution को कुल 4,33,81,569 रुपये का भुगतान किया गया, जबकि बदले में कंपनी की ओर से 3,66,93,114 रुपये की सप्लाई दी गई। इस प्रकार 66,88,455 रुपये की राशि शेष रह गई। आरोप है कि 1 मार्च 2026 को कावेश मल्होत्रा अपने साथी ललित कुमार श्रीवास्तव निवासी बरेली (उत्तर प्रदेश) के साथ दो लाख रुपये नकद, कंपनी के महत्वपूर्ण कागजात और कंपनी की गाड़ी नंबर HP17G-1408 लेकर फरार हो गया। इस पर पुलिस थाना पुरुवाला में धोखाधड़ी का केस दर्ज हुआ है।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में थाना पुरुवाला में धारा 316(2) और 3(5) बीएनएस के तहत केस दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।



