HomeHimachalBilaspurघने कोहरे के अलर्ट के बीच पांवटा साहिब प्रशासन ने जारी की...

घने कोहरे के अलर्ट के बीच पांवटा साहिब प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी, आने वाले दिनों में और बढ़ेगा प्रकोप!

सिरमौर में भी कोहरे ने दस्तक दे दी है। पांवटा साहिब और कालाअंब के मैदानी इलाकों के साथ कोहरा ऊपरी क्षेत्रों की ओर बढ़ने लगा है। गत बुधवार को कालाअंब आदि क्षेत्रों में दिनभर लोगों को सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए। इससे शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है।

पांवटा साहिब : हिमाचल प्रदेश के पांवटा साहिब और आसपास के क्षेत्रों में आगामी दिनों में भारी कोहरे का प्रकोप देखने को मिल सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की ओर से जारी चेतावनी के मद्देनजर उपमंडल दंडाधिकारी (एसडीएम) पांवटा साहिब गुंजीत सिंह चीमा ने जनहित में एडवाइजरी जारी की है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे खराब दृश्यता और ठंड को देखते हुए विशेष सावधानी बरतें।

मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार 18 से 20 दिसंबर के बीच हिमाचल प्रदेश सहित बिहार और झारखंड में घना कोहरा छाए रहने की प्रबल संभावना है। इसके अलावा पूर्वोत्तर भारत में 22 दिसंबर तक कोहरे का असर बना रहेगा। घने कोहरे के कारण सड़कों पर दृश्यता शून्य या बहुत कम रह सकती है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ सकता है।

ये भी पढ़ें:  नाहन : दोसड़का में स्कूटी चालक 572 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार, नाकेबंदी के दौरान चढ़ा पुलिस के हत्थे

इसको लेकर पांवटा साहिब प्रशासन की ओर से सुरक्षा दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। प्रशासन ने क्षेत्र के नागरिकों, विशेषकर वाहन चालकों और शिक्षण संस्थानों के लिए महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी करते हुए बताया कि वाहन चालक सुबह और तड़के अनावश्यक यात्रा करने से बचें। यात्रा अनिवार्य होने पर हेडलाइट, फॉग लाइट का उपयोग करें और गति धीमी रखें।

राजमार्गों पर भारी वाहनों के चालकों को विशेष सतर्क रहने, अगले वाहन से सुरक्षित दूरी बनाए रखने, स्कूल प्रबंधन, औद्योगिक इकाइयों और परिवहन सेवाओं को कोहरे के अनुसार समय-प्रबंधन और सावधानी सुनिश्चित करने के साथ साथ बुजुर्गों, बच्चों और बीमार व्यक्तियों को ठंड व कोहरे के सीधे संपर्क से बचाने की सलाह दी गई है।

ये भी पढ़ें:  TB free India campaign: सिरमौर के दुर्गम क्षेत्रों में पहुंचेगी ऐसी एक्स-रे मशीन, घर पर होगी जांच

एसडीएम ने स्पष्ट किया है कि प्रशासन स्थिति पर पैनी नजर रखे हुए हैं। उन्होंने जनता से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल अधिकृत स्रोतों से प्राप्त मौसम की जानकारी पर ही भरोसा करें। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत स्थानीय आपदा प्रबंधन तंत्र से संपर्क करें।

बता दें कि सिरमौर में भी कोहरे ने दस्तक दे दी है। पांवटा साहिब और कालाअंब के मैदानी इलाकों के साथ कोहरा ऊपरी क्षेत्रों की ओर बढ़ने लगा है। गत बुधवार को कालाअंब आदि क्षेत्रों में दिनभर लोगों को सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए। इससे शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है। वहीं, हाईवे पर कोहरे की वजह से दृश्यता कम होने से वाहन चालकों को भी खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जिला मुख्यालय नाहन और इसके ऊपरी हिस्सों में भी कोहरा छाने से ठंड का सितम बढ़ने लगा है।

ये भी पढ़ें:  पंडोह डैम के पास निजी बस और कार की भीषण टक्कर, युवक-युवती की दर्दनाक मौत, कार के उड़े परखच्चे
Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More