हमीरपुर : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज जिला हमीरपुर के अणु स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण के सिंथेटिक ट्रैक ग्राउंड में राज्य स्तरीय कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि भाग लिया।
आयुष विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों, युवाओं और बच्चों सहित लगभग दो हजार लोगों के साथ करीब 45 मिनट तक योगाभ्यास किया। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलन और धनवंतरि पूजन के साथ योगाभ्यास सत्र का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने आईडीवाई यानि इंटरनेशनल डे फॉर योगा से संबंधित एक पुस्तिका का विमोचन भी किया। इस पुस्तिका में योगासनों से संबंधित कई महत्वपूर्ण जानकारियों का संक्षेप संकलन किया गया है।
कार्यक्रम में आयुष, विधि, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविंद्र गोमा, विधायक सुरेश कुमार और कैप्टन रणजीत सिंह, राज्य कृषि विपणन बोर्ड के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, कांगड़ा सहकारी प्राथमिक कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के अध्यक्ष राम चंद्र पठानिया, राज्य नशा निवारण बोर्ड के संयोजक एवं सलाहकार नरेश ठाकुर, ओबीसी वित एवं विकास निगम के उपाध्यक्ष डॉ. मोहन लाल, ओबीसी आयोग के सदस्य राजीव राणा, एपीएमसी अध्यक्ष अजय शर्मा, कांग्रेस के जिला अध्यक्ष सुमन भारती, पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा, सुभाष ढटवालिया, पार्टी के अन्य पदाधिकारी, आयुष विभाग की सचिव शाइनामोल, निदेशक रोहित जमवाल, उपायुक्त गंधर्वा राठौड़, एसपी बलवीर सिंह और अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
खिलाड़ियों को दी जा रही बेहतरीन सुविधाएंः सुक्खू
अंतरराष्ट्रीय पदक विजेताओं के लिए करोड़ों के ईनाम का प्रावधान, इस वर्ष किया जाएगा नादौन के इंडोर स्टेडियम का शुभारंभ
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सुक्खू ने जिला हमीरपुर के अणु स्थित साई के सेंटर आफ एक्सीलेंस के प्रशिक्षुओं एवं युवा खिलाड़ियों तथा अन्य बच्चों के साथ संवाद किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को वर्ल्ड क्लास सुविधाएं प्रदान करने के लिए कृत संकल्प है।
इस क्रम में नादौन में लगभग 125 करोड़ रुपए का अत्याधुनिक इंडोर स्टेडियम बनाया जा रहा है, जिसे इसी वर्ष प्रदेश के खिलाड़ियों को समर्पित कर दिया जाएगा। इसमें तैराकी, बैडमिंटन, वॉलीबॉल और टेनिस सहित 14 खेलों के लिए विश्व स्तरीय सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी।
राज्य स्तरीय योग दिवस समारोह एवं योगाभ्यास सत्र में भाग लेने के बाद खिलाड़ियों के साथ संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने इंटरनेशनल प्रतियोगिताओं के पदक विजेताओं के लिए करोड़ों रुपए की पुरस्कार राशि का प्रावधान किया है।
एशियन गेम्स के स्वर्ण पदक विजेताओं के लिए 3 करोड़ रुपए, रजत पदक विजेताओं के लिए 2 करोड़ और कांस्य पदक विजेताओं के लिए डेढ़ करोड़ रुपए तक के नकद पुरस्कार रखे गए हैं। इसी प्रकार ओलंपिक और अन्य इंटरनेशनल प्रतियोगिताओं में भी सराहनीय प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी करोड़ों रुपए के ईनाम दिए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि साढ़े तीन वर्ष पहले प्रदेश सरकार ने कार्यभार संभालते ही खिलाड़ियों की डाइट मनी में कई गुणा वृद्धि की थी। इन खिलाड़ियों के लिए हवाई यात्रा और रेलवे एसी क्लास में यात्रा का प्रावधान भी किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अणु के सिंथेटिक ट्रैक ग्राउंड की मरम्मत के लिए भी पर्याप्त बजट का प्रावधान किया जा रहा है।