HomeHimachalHRTC की बसों में रोजाना 5 लाख लोग करते हैं यात्रा, आय...

HRTC की बसों में रोजाना 5 लाख लोग करते हैं यात्रा, आय में 63.47 करोड़ रुपए की वृद्धि दर्ज: CM

मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को 31 मार्च, 2026 तक देश का हरित ऊर्जा राज्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है और इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए वर्तमान राज्य सरकार एचआरटीसी को ‘ग्रीन एचआरटीसी’ में बदलने की दिशा में कार्य कर रही है.

शिमला : हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार निगम को आत्मनिर्भर एवं व्यवहार्य बनाने के लिए ठोस कदम उठा रही है. उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार के प्रयासों और निगम के कार्यबल की समर्पित सेवाओं के फलस्वरूप इस वर्ष के प्रथम आठ माह में निगम की आय में 63.47 करोड़ रुपए की वृद्धि दर्ज की गई है.
सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार निगम को हर महीने लगभग 60 करोड़ रुपए का अनुदान जारी कर रही है और पिछले दो वर्षों से निगम द्वारा कर्मचारियों और पेंशनरों को समय पर वेतन एवं पेंशन के भुगतान सुनिश्चित किए जा रहे हैं. हिमाचल में परिवहन के सीमित साधन हैं. इस स्थिति में निगम राज्य की जीवन रेखा की तरह कार्य कर रहा है. प्रतिदिन निगम की बसों के माध्यम से लगभग 5 लाख लोग यात्रा करते हैं.
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को 31 मार्च, 2026 तक देश का हरित ऊर्जा राज्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है और इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए वर्तमान राज्य सरकार एचआरटीसी को ‘ग्रीन एचआरटीसी’ में बदलने की दिशा में कार्य कर रही है. निगम की डीजल बसों के पूरे बेड़े को ई-बसों से परिवर्तित किया जा रहा है. राज्य सरकार ने इलेक्ट्रिक बसों की खरीद के लिए 327 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं.
मुख्यमंत्री ने यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधाएं प्रदान करने के लिए नए बस अड्डों के निर्माण के निर्देश भी दिए. उन्होंने कहा कि एचआरटीसी ने अपनी बसों में कैशलेस भुगतान विकल्प भी शुरू किया है, हिमाचल प्रदेश परिवहन क्षेत्र में ऐसी सुविधाएं प्रदान करने वाला पहला राज्य बन गया है.
उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार के प्रयासों से एचआरटीसी की बसें यात्रियों के लिए आरामदायक सफर और विश्वास का पर्याय बन गई हैं. उन्होंने कहा कि एचआरटीसी की असली ताकत इसके कर्मचारियों की निपुण कार्यशैली और समर्पण भाव में निहित है, जो दिन-रात अपने कर्तव्यों का पालन करते हैं.
ये भी पढ़ें:  नेशनल हाईवे-07 पर यहां 8 KM का सफर 'खतरों का खेल', धूल मिट्टी और गहरे गड्ढों से मुसाफिर 'बेहाल'
Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More