शिमला : राज्य स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह इस बार जिला किन्नौर के रिकांगपिओ स्थित पुलिस मैदान में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम को सफल और भव्य बनाने के लिए मुख्य सचिव संजय गुप्ता ने शिमला में समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित विभागों को समयबद्ध व प्रभावी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में सभी जिलों के उपायुक्त वर्चुअल माध्यम से जुड़े और अपने-अपने क्षेत्रों में चल रही तैयारियों की जानकारी मुख्य सचिव को दी। इस दौरान मुख्य सचिव ने कहा कि समारोह की अध्यक्षता मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू करेंगे।
उन्होंने कार्यक्रम के सुचारु संचालन के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर देते हुए सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात प्रबंधन, पेयजल, चिकित्सा सुविधाएं और आपातकालीन सेवाओं की अग्रिम व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि समारोह के दौरान किसी भी तरह की असुविधा न हो।
