Home Himachal Kullu स्कूली छात्रा से छेड़छाड़ मामले में लेक्चरर बर्खास्त, हिमाचल शिक्षा विभाग ने...

स्कूली छात्रा से छेड़छाड़ मामले में लेक्चरर बर्खास्त, हिमाचल शिक्षा विभाग ने लिया एक्शन

उक्त शिक्षक स्कूल की छात्राओं को अपने घर में ले जाकर खाना बनवाना, कपड़ों को प्रेस करवाने तक का भी काम करवाता था। आरोपी ने अकेले देखकर एक नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ भी की थी।

0

शिमला/कुल्लू : जिला कुल्लू के एक सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के इतिहास विषय के प्रवक्ता को सेवाओं से बर्खास्त कर दिया है। हिमाचल शिक्षा विभाग ने स्कूल की 3 नाबालिग छात्राओं के आरोप जांच में सही पाए जाने पर यह बड़ी कार्रवाई अमल में लाई है। उक्त शिक्षक स्कूल की छात्राओं को अपने घर में ले जाकर खाना बनवाना, कपड़ों को प्रेस करवाने तक का भी काम करवाता था। आरोपी ने अकेले देखकर एक नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ भी की थी।

शिक्षा निदेशालय से मिली जानकारी के अनुसार 21 फरवरी को पुलिस एफआईआर के माध्यम से एक रिपोर्ट प्राप्त हुई थी, जिसमें कुल्लू जिले के एक सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में कक्षा 11वीं की एक नाबालिग छात्रा के साथ 19 फरवरी को दुर्व्यवहार और छेड़छाड़ की घटना का उल्लेख किया गया था। पुलिस की प्रारंभिक रिपोर्ट से पता चलता है कि इतिहास के प्रवक्ता ने नाबालिग छात्राओं से नैतिक दुराचार भी किया है।

ये भी पढ़ें:  PTA की आम सभा 19 अगस्त के लिए स्थगित, अभिभावकों का न्यूनतम कोरम नहीं हुआ पूरा

स्कूल शिक्षा निदेशक आशीष कोहली ने बताया कि आरोपी शिक्षक ने अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम का गंभीर उल्लंघन किया है। आरोपी लेक्चरर पर पोक्सो एक्ट के तहत भी मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है।