शिमला : प्रदेश में हवाई कनेक्टिविटी को बढ़ावा मिलने जा रहा है, क्योंकि इस माह के अंतिम सप्ताह तक दिल्ली-शिमला और शिमला-धर्मशाला हवाई मार्ग पर उड़ान सेवाएं शुरू होने जा रही हैं। प्रति सीट किराया भी तय कर दिया गया है, जिसके तहत दिल्ली से शिमला का किराया 6 हजार रुपये (टैक्स अतिरिक्त) और शिमला से धर्मशाला का किराया 3 हजार रुपये (टैक्स अतिरिक्त) निर्धारित किया गया है।
प्रदेश सरकार ने इन उड़ानों के संचालन के लिए एलायंस एयर लिमिटेड के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) साइन किया है। एमओयू के बाद अब उड़ानों की शुरुआत का रास्ता साफ हो गया है और इन्हें इसी महीने के अंत तक शुरू करने की तैयारी है। इन उड़ानों का संचालन एटीआर 42-600 विमान से किया जाएगा, जिसमें 48 सीटों की क्षमता होगी।
जानकारी के मुताबिक जो फ्लाइट दिल्ली से शिमला पहुंचेगी, वही आगे धर्मशाला के लिए रवाना होगी। इसके बाद वही विमान धर्मशाला से वापस शिमला और फिर दिल्ली लौटेगा। उड़ानों का संचालन सप्ताह के सातों दिन किया जाएगा, जबकि टाइम टेबल जल्द तय कर बुकिंग प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।
सरकार की ओर से टिकटों में गैप फंडिंग का खर्च वहन किया जाएगा। यह समझौता 12 माह की अवधि के लिए प्रभावी रहेगा, जिसकी अवधि उड़ानों के शुरू होने की तारीख से लागू मानी जाएगी।
गौरतलब है कि इन रूट्स पर उड़ान सेवाएं बंद हुए एक साल से ज्यादा का समय हो चुका था, जिससे यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था और पर्यटन पर भी असर पड़ा था। अब सेवाएं दोबारा शुरू होने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों को भी बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
