शिमला : लोक निर्माण एवं शहरी मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने सोमवार को शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के घणाहट्टी में एक दिवसीय प्रवास के दौरान 24 करोड़ रुपए से अधिक राशि के विभिन्न विकासात्मक कार्यों की आधारशिला रखी। कैबिनेट मंत्री ने 4 करोड़ 67 लाख रुपये की लागत से राष्ट्रीय उच्च मार्ग-205 के तहत घणाहट्टी से दाड़लाघाट के बीच विभिन्न स्थानों पर रिटेनिंग वाल लगाने के कार्यों का शिलान्यास किया। इसके साथ ही 37 लाख 66 लाख रूपये की लागत से घणाहट्टी बाजार में पेवर बिछाने एवं ड्रेनेज के कार्य का शिलान्यास भी किया। करीब 12 करोड़ 86 लाख रुपये की लागत से चक्कर से दाड़लाघाट के मध्य विभिन्न क्षेत्रों में 13 किलोमीटर मेटलिंग एवं टारिंग कार्य का भी शिलान्यास किया। इसके अतिरिक्त 2 करोड़ 12 लाख रुपये के अन्य कार्य भी इसमें शामिल हैं।

कैबिनेट मंत्री ने टाटा पावर एवं उषा इंटरनेशनल के सौजन्य से हेल्पिंग हैंड वेलफेयर एंड एजुकेशन ट्रस्ट द्वारा 300 महिला उद्यमी को उद्यम स्थापित करने की दृष्टि से सिलाई किट वितरित की। इसके साथ ही सिलाई एवं कढ़ाई प्रशिक्षण सत्र को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि महिलाएं समाज-परिवार के उत्थान के लिए कार्य करती हैं।
आज महिलाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत कर रही हैं। उन्होंने कहा कि नारी को किसी के नाम की जरूरत नहीं है, वह अपनी पहचान अपने नाम और काम से बना रही है। इस तरह की संस्थाओं में प्रशिक्षण के माध्यम से महिलाओं को रोजगार को नए आयाम मिलते हैं। उन्होंने संस्था को निर्देश दिए कि नया प्रोजेक्ट बनाया जाए, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं उससे जुड़ सके। इसके लिए सरकार की तरफ हर संभव सहयोग मुहैया करवाई जाएगी।
कैबिनेट मंत्री ने विधायक निधि से घणाहट्टी पंचायत को 5 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने महिलाओं द्वारा बनाए गए उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याओं को भी सुना और उनका निराकरण सुनिश्चित किया।



