HomeHimachalShimlaमुख्यमंत्री जनमत खो चुके हैं, बौखलाहट में भाजपा नेतृत्व पर कर रहे...

मुख्यमंत्री जनमत खो चुके हैं, बौखलाहट में भाजपा नेतृत्व पर कर रहे अनर्गल टिप्पणी: राकेश जमवाल

यह हिमाचल की सत्ता का सेमीफाइनल था, जिसे भारतीय जनता पार्टी ने निर्णायक रूप से जीत लिया है। अब 2027 के विधानसभा चुनावों में भी जनता कांग्रेस को सत्ता से बाहर कर भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी।

शिमला : भाजपा प्रदेश मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक राकेश जमवाल ने कहा कि स्थानीय निकायों और पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव परिणाम आने के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री लगातार जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। चुनावी परिणामों ने कांग्रेस सरकार की वास्तविक स्थिति उजागर कर दी है, जिसके कारण मुख्यमंत्री बौखलाहट में भाजपा और उसके नेतृत्व पर निराधार टिप्पणियां कर रहे हैं।

जमवाल ने कहा कि स्थानीय निकाय चुनावों के महत्व को भारतीय जनता पार्टी ने हमेशा गंभीरता से लिया है। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर मतदान किया और लोकतंत्र को मजबूत करने का कार्य किया, लेकिन मुख्यमंत्री यह स्पष्ट करें कि उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र में जाकर मतदान किया या नहीं। जनता जानना चाहती है कि मुख्यमंत्री स्वयं किस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने का दावा करते हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा बार-बार भाजपा नेतृत्व को लेकर की जा रही टिप्पणियां उनके पद की गरिमा के अनुरूप नहीं हैं। प्रदेश की जनता जानती है कि भाजपा का नेतृत्व प्रदेशभर में स्वीकार्य है और जनता का विश्वास भाजपा के साथ लगातार बढ़ रहा है।

ये भी पढ़ें:  सनवेट हेल्थकेयर में अकाउंटेंट से लेकर फार्मा केमिस्ट तक कई पदों पर होगी भर्ती, अनुभवी उम्मीदवारों के लिए मौका

जमवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री यह कहकर जनता के जनादेश का अपमान कर रहे हैं कि भाजपा की जीत का श्रेय किसी को नहीं मिलना चाहिए। सच्चाई यह है कि भाजपा के संगठन, नेतृत्व, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं की सामूहिक मेहनत और जनता के विश्वास के कारण भाजपा ने ऐतिहासिक सफलता प्राप्त की है।

उन्होंने कहा कि चार नगर निगमों में हुए चुनावों में तीन नगर निगमों मंडी, धर्मशाला और सोलन में भाजपा ने स्पष्ट बहुमत प्राप्त किया है। मंडी नगर निगम में 14 में से 12 सीटों पर जीत दर्ज कर भाजपा ने कांग्रेस का लगभग सफाया कर दिया। धर्मशाला और सोलन में भी जनता ने भाजपा के पक्ष में स्पष्ट जनादेश दिया है। इसके बावजूद मुख्यमंत्री का यह कहना कि भाजपा नहीं जीती, वास्तविकता से आंखें मूंदने जैसा है।

राकेश जमवाल ने कहा कि जिला परिषद चुनावों में भी भाजपा ने कांग्रेस की तुलना में कई गुना अधिक सीटें जीती हैं। भाजपा ने विधिवत अपने प्रत्याशियों की घोषणा की थी और जनता ने उन प्रत्याशियों पर विश्वास जताया। मुख्यमंत्री चाहें तो पूरे प्रदेश के परिणामों का आंकलन कर सकते हैं।

ये भी पढ़ें:  सिरमौर के साथ हरियाणा के कलेसर पार्क में मिली दुर्लभ पक्षियों की ये प्रजातियां, माना जा रहा शुभ संकेत

मंडी नगर निगम चुनाव के दौरान मुख्यमंत्री ने बड़े-बड़े वादे किए, करोड़ों की घोषणाएं कीं, लेकिन जनता ने उन घोषणाओं पर भरोसा नहीं किया। परिणाम यह रहा कि कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा। यह स्पष्ट संकेत है कि अब प्रदेश की जनता मुख्यमंत्री की घोषणाओं और दावों को गंभीरता से नहीं लेती।

जमवाल ने कहा कि कांग्रेस की स्थिति आज पूरे देश के सामने है। सरकार बनने के कुछ समय बाद ही कांग्रेस के विधायक पार्टी छोड़कर चले गए, जिससे सरकार की आंतरिक स्थिति और नेतृत्व क्षमता पर गंभीर प्रश्न खड़े हुए। ऐसे में भाजपा पर सवाल उठाने से पहले कांग्रेस को अपने घर की चिंता करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि स्थानीय निकाय और पंचायती राज चुनावों के परिणाम स्पष्ट संदेश दे रहे हैं कि प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार से निराश हो चुकी है और भाजपा के पक्ष में मजबूती से खड़ी है। यह हिमाचल की सत्ता का सेमीफाइनल था, जिसे भारतीय जनता पार्टी ने निर्णायक रूप से जीत लिया है। अब 2027 के विधानसभा चुनावों में भी जनता कांग्रेस को सत्ता से बाहर कर भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी।

ये भी पढ़ें:  जमटा-बिरला सड़क का हुआ FDR ट्रायल, इस टेक्नॉलॉजी की नाहन में होगी पहली ROAD

राकेश जमवाल ने इस ऐतिहासिक विजय के लिए प्रदेश की जनता, भाजपा के प्रदेश नेतृत्व, कार्यकर्ताओं और समर्थकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा जनता के विश्वास को और मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।

Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Desk
"आपकी बात न्यूज़" एक लोकप्रिय हिंदी समाचार प्लेटफॉर्म है, जो राजनीति, समसामयिक घटनाओं, मनोरंजन, खेल और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर ताजे अपडेट्स प्रदान करता है।

Latest Articles

Explore More