होमHimachalSirmaurमांगों को लेकर नाहन में गरजे 108 और 102 एंबुलेंस कर्मचारी, जोरदार...

मांगों को लेकर नाहन में गरजे 108 और 102 एंबुलेंस कर्मचारी, जोरदार प्रदर्शन के बाद सीएम को भेजा ज्ञापन

कांटेक्ट वर्कर यूनियन 108 और 102 एंबुलेंस के अध्यक्ष सुनील दत्त और जिला सिरमौर के अध्यक्ष सुरजीत ने आरोप लगाते हुए कहा कि एनएचएम के अंतर्गत कार्यरत्त मेडस्वान फाउंडेशन द्वारा कर्मचारियों का भारी शोषण किया जा रहा है और उन्हें सरकार द्वारा घोषित न्यूनतम वेतन तक नहीं मिल रहा है।

नाहन : हिमाचल प्रदेश 108 एवं 102 एंबुलेंस कर्मचारी यूनियन (संबंधित सीटू) ने अपनी मांगों और उत्पीड़न के खिलाफ शुक्रवार को जिला मुख्यालय नाहन में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्मचारियों ने प्रदेश सरकार और प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और डीसी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा।

कांटेक्ट वर्कर यूनियन 108 और 102 एंबुलेंस के प्रदेश अध्यक्ष सुनील दत्त और जिला सिरमौर के अध्यक्ष सुरजीत ने आरोप लगाते हुए कहा कि एनएचएम के अंतर्गत कार्यरत्त मेडस्वान फाउंडेशन द्वारा कर्मचारियों का भारी शोषण किया जा रहा है और उन्हें सरकार द्वारा घोषित न्यूनतम वेतन तक नहीं मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि न्यूनतम वेतन तो दूर इसमें भी काफी विसंगतियां और भिन्नता है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को सरकारी नियमानुसार न्यूनतम वेतन दिया जाए। 12 घंटे ड्यूटी लेने पर ओवरटाइम का भुगतान हो और सभी प्रकार की छुट्टियों का प्रावधान किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय, लेबर कोर्ट और श्रम विभाग के आदेशों को तुरंत लागू किया जाए।

ये भी पढ़ें:  डीजल-पेट्रोल पर 60 पैसे की बढ़ोतरी जनता पर एक और आर्थिक प्रहार, टैक्स पर टैक्स लगाना सुक्खू सरकार की पहचान: बिंदल

यूनियन नेताओं ने आरोप लगाया कि ट्रेड यूनियन एक्ट और औद्योगिक विवाद अधिनियम की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं और आवाज उठाने वाले कर्मचारियों का मानसिक उत्पीड़न या तबादला कर उन्हें इस्तीफा देने पर मजबूर किया जा रहा है, जिसे तुरंत बंद कर धारा 19 और 21 के तहत उनके अधिकारों की रक्षा की जानी चाहिए।

ज्ञापन के माध्यम से यह भी मांग की गई है कि ईपीएफ और ईएसआई की त्रुटियों को दूर कर मूल वेतन में सुधार किया जाए। साथ ही पूर्व कंपनी जीवीके ईएमआरआई के समय की वरिष्ठता को बरकरार रखते हुए कर्मचारियों के बकाया छंटनी भत्ते, ग्रेच्युटी और एरियर का तुरंत भुगतान किया जाए।

ये भी पढ़ें:  संस्कृत के रंग में रंगा नाहन, शहर में निकाली शोभायात्रा, शानदार प्रस्तुतियों ने मोहा मन

कर्मचारियों ने वेतन में हर साल कम से कम 10 प्रतिशत वृद्धि और मजदूर विरोधी चार लेबर कोड को निरस्त करने की भी मांग की है। यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इन मांगों पर गौर नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

इससे पूर्व रैली गुन्नूघाट से शुरू होकर बड़ा चौक, दिल्ली गेट, महिमा लाइब्रेरी होते हुए डीसी कार्यालय परिसर में पहुंची। इस दौरान प्रदेश सरकार और कंपनी प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। साथ ही अपनी मांगों को जोरदार तरीके से रखा। इस मौके पर सीटू जिला महासचिव आशीष कुमार, हिमाचल किसान सभा जिला महासचिव राजेंद्र ठाकुर, जनवादी महिला समिति जिला अध्यक्ष संतोष कपूर समेत कई कार्यकर्ता और एंबुलेंस कर्मचारी मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें:  हिमाचल के हितों में सहयोग के लिए बड़े भाई की भूमिका निभाएं पंजाब व हरियाणा : CM
Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More