HomeHimachalSirmaurउफनती रूण नदी में 5 घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन, बुजुर्ग को बचाने...

उफनती रूण नदी में 5 घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन, बुजुर्ग को बचाने उतरे साहसी युवक से CM सुक्खू ने की बात, सराही बहादुरी

बुजुर्ग को बचाने के लिए नदी में उतरा युवक भी तेज बहाव के बीच फंस गया था। उसे एनडीआरएफ और होमगार्ड के जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

नाहन : हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर के नाहन विकास खंड की बर्मा पापड़ी पंचायत में मंगलवार को रूण नदी के तेज बहाव के बीच फंसे बुजुर्ग बनारसी दास को सेना के हेलिकॉप्टर से सुरक्षित एयरलिफ्ट कर लिया गया।

बुजुर्ग को बचाने के लिए नदी में उतरा युवक भी तेज बहाव के बीच फंस गया था। उसे एनडीआरएफ और होमगार्ड के जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

बता दें कि मूसलधार बारिश के कारण मंगलवार को रूण नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया था। इसी दौरान बनारसी दास नदी के बीच फंस गए। सूचना मिलते ही प्रशासन, दमकल विभाग और राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंच गए।

नदी का बहाव इतना तेज था कि बचाव दल के लिए जमीन के रास्ते नदी के बीच तक पहुंचना संभव नहीं हो पा रहा था। बुजुर्ग को सुरक्षित निकालने के लिए ड्रोन की मदद से भी रस्सी डालकर रेस्क्यू का प्रयास किया गया, लेकिन लगातार बढ़ती मुश्किलों के बीच सेना से मदद लेने का फैसला लिया गया।

ये भी पढ़ें:  रोटरी क्लब नाहन संगिनी ने बढ़ाए मदद के हाथ, जरूरतमंद लड़की की शादी के लिए भेंट किया आवश्यक सामान

करीब पांच घंटे तक नदी के बीच फंसा रहा बुजुर्ग
कई घंटे तक नदी के बीच फंसे रहने के बाद अंधेरा बढ़ने के बावजूद सेना का रेस्क्यू दल हेलिकॉप्टर के साथ मौके पर पहुंचा। भारतीय वायु सेना के हेलिकॉप्टर की मदद से बनारसी दास को नदी के बीच से एयरलिफ्ट किया गया। उन्हें उपचार के लिए सहारनपुर स्थित सेना के अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

बुजुर्ग को बचाने उतरा ये स्थानीय युवक
बनारसी दास को बचाने के प्रयास के दौरान स्थानीय युवक अंशुल नदी में उतर गया था, लेकिन तेज बहाव के कारण वह भी नदी के बीच फंस गया। इसके बाद रेस्क्यू टीमों के सामने एक और चुनौती खड़ी हो गई। अंशुल को बचाने के लिए एनडीआरएफ और होमगार्ड के जवानों ने मोर्चा संभाला और काफी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया।

बनारसी दास को सहारनपुर सेना अस्पताल में भर्ती करवाया
एसडीएम नाहन राजीव संख्यान ने बताया कि बनारसी दास को भारतीय वायु सेना के हेलिकॉप्टर से एयरलिफ्ट कर सहारनपुर स्थित सेना के अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहां उनका उपचार चल रहा है। बुधवार को उपचार के बाद बनारसी दास को एसडीएम सहारनपुर के सुपुर्द किया जाएगा। इसके बाद एसडीएम सहारनपुर उन्हें नाहन पहुंचाएंगे।

ये भी पढ़ें:  शिमला आ रहे हैं उप राष्ट्रपति, प्रस्तावित दौरे को लेकर तैयारियों में जुटा प्रशासन

सोलंकी ने मुख्यमंत्री से मांगी हेलिकॉप्टर की मदद, बिंदल ने जताया आभार
मामले की गंभीरता को देखते हुए नाहन के विधायक अजय सोलंकी ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से फंसे व्यक्ति को निकालने के लिए हेलिकॉप्टर की सहायता मांगी। वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने बताया कि उन्होंने नदी में फंसे लोगों को बचाने के लिए मुख्यमंत्री को आपात स्थिति में फोन किया। उन्होंने तत्काल सहायता उपलब्ध करवाने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।

साहसी अंशुल से सीएम सुक्खू ने की बात
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने मौके पर सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू से बात की और वीडियो कॉल से साहसी युवक अंशुल की बात भी करवाई। डॉ. बिंदल ने कहा कि अंशुल ने बुजुर्ग को बचाने के लिए उफनती नदी में छलांग लगाई और बुजुर्ग को एयरलिफ्ट किए जाने तक उनकी साथ नदी में खड़ा रहा। सीएम सुक्खू ने भी अंशुल की बहादुरी की सराहना की और उन्होंने रेस्क्यू दलों का आभार जताया।

ये भी पढ़ें:  निहोग स्कूल के 72 बच्चों के लिए श्री सत्य साई सेवा समिति ने बनाया खास दिन, नन्हें चेहरों पर आई मुस्कान

रेस्क्यू अभियान के दौरान डीसी सिरमौर प्रियंका वर्मा भी मौके पर मौजूद रहीं। प्रशासनिक अधिकारी, बचाव दल और स्थानीय ग्रामीण लगातार पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए थे। तेज बारिश, नदी का उफान और अंधेरे के बीच चले इस रेस्क्यू अभियान में प्रशासन, सेना, एनडीआरएफ और होमगार्ड की टीमों ने मिलकर दोनों व्यक्तियों को सुरक्षित निकालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली।

Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Deskhttps://aapkibaatnews.com
आपकी बात न्यूज डेस्क देश, प्रदेश और स्थानीय स्तर की हर महत्वपूर्ण खबर को तेज, विश्वसनीय और तथ्यात्मक तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। राजनीति, समाज, प्रशासन, शिक्षा, अपराध, मनोरंजन और जनसरोकार से जुड़े हर मुद्दे पर सटीक जानकारी और प्रभावशाली प्रस्तुति हमारी प्राथमिकता है, ताकि पाठकों को हर बड़ी अपडेट एक ही मंच पर मिल सके।

Latest Articles

Explore More