HomeHimachalSirmaurबेकाबू ट्राले ने एक के बाद एक रौंदे तीन वाहन, पांवटा-कालाअंब हाईवे...

बेकाबू ट्राले ने एक के बाद एक रौंदे तीन वाहन, पांवटा-कालाअंब हाईवे पर मची अफरा-तफरी, हादसा टला पर ये बड़ा सवाल

पांवटा साहिब-कालाअंब नेशनल हाईवे पर मंगलवार सुबह एक अनियंत्रित ट्राले ने एक के बाद एक तीन वाहनों को टक्कर मार दी।

कालाअंब : पांवटा साहिब-कालाअंब नेशनल हाईवे पर मंगलवार सुबह एक अनियंत्रित ट्राले ने एक के बाद एक तीन वाहनों को टक्कर मार दी। गनीमत रही कि इन वाहनों में सवार लोगों को चोट नहीं आई, लेकिन टक्कर से छोटे वाहनों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।

हादसे के बाद ट्राला चालक मौके पर नहीं रुका और वाहनों को टक्कर मारता हुआ आगे बढ़ता चला गया। बाद में क्षतिग्रस्त वाहनों के मालिकों ने सक्रियता दिखाते हुए ट्राले का पीछा किया और कुछ दूरी पर उसे पकड़ लिया।

हादसा सुबह करीब साढ़े 9 बजे के आसपास मोगीनंद क्षेत्र में फोनिक्स उद्योग के समीप पेश आया। बताया जा रहा है कि ट्राला पांवटा साहिब से कालाअंब की ओर आ रहा था, जबकि दूसरी दिशा से वाहन नाहन की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान ट्राले ने सामने से आ रहे वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में एक स्कॉर्पियो वाहन का टायर तक फट गया।

ये भी पढ़ें:  शिलाई को मिला छात्रा कबड्डी खेल छात्रावास, मंत्री रोहित ठाकुर बोले- खेल और शिक्षा में नई ऊंचाइयां छू रहा हिमाचल
पांवटा साहिब-कालाअंब नेशनल हाईवे
टक्कर लगने के बाद स्कॉर्पियो वाहन को हुआ नुकसान।

बड़ी बात ये है कि जिस स्थान पर यह हादसा हुआ है, वहां पहले भी अनियंत्रित ट्रालों के कारण दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। कई बार रेत बजरी से भरे ट्राले यहां उद्योग की दीवार के साथ पलट चुके हैं और पूर्व में यहां खड़ी बाइकें भी क्षतिग्रस्त हुई हैं। इसके बावजूद इस संवेदनशील हिस्से में वाहनों की रफ्तार पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पाया है। स्थानीय लोगों के अनुसार यहां आए दिन हादसे हो रहे हैं और सड़क की मौजूदा स्थिति खतरे को और बढ़ा रही है।

निर्माण सामग्री ने और बढ़ाई परेशानी
हादसे की एक बड़ी वजह सड़क पर फैली निर्माण सामग्री को भी माना जा रहा है। घटनास्थल पर डंगे का निर्माण कार्य चल रहा है और इसके लिए रेत-बजरी के ढेर सड़क किनारे लगाए गए हैं। इससे हाईवे का यह हिस्सा काफी संकरा होकर सिंगल लेन जैसा हो गया है। ऐसे में सामने से वाहन आने पर दूसरे वाहन को रास्ता देने के लिए चालकों को रुकना पड़ता है।

ये भी पढ़ें:  सिरमौर से अयोध्या भ्रमण के लिए 60 महिलाओं का दल रवाना
कालाअंब सड़क पर रेत बजरी के ढेर
सड़क पर लगे रेत-बजरी के ढेर।

हैरानी की बात यह है कि ठेकेदार की ओर से निर्माण कार्य के दौरान सड़क के दोनों ओर वाहन चालकों को सावधान करने के लिए पर्याप्त साइन बोर्ड तक नहीं लगाए गए हैं। इसके अलावा दोनों ओर ऐसे कामगार भी तैनात नहीं किए गए हैं, जो गुजरने वाले वाहनों को रफ्तार कम करने या सावधानी से निकलने के संकेत दे सकें। ऐसे में वाहनों की तेज रफ्तार और संकरी सड़क किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकता है।

इस हादसे के बाद एक बार फिर इस संवेदनशील प्वाइंट की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान सड़क पर सामग्री रखने और यातायात को नियंत्रित करने के लिए जरूरी इंतजाम किए जाने चाहिए, ताकि वाहन चालकों को परेशानी न हो और दुर्घटनाओं का खतरा कम किया जा सके।

ये भी पढ़ें:  चंबा मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों का डंका: लगातार दूसरे साल भी प्रदेश में टॉपर

बहरहाल, मंगलवार सुबह हुए हादसे के बाद मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। फिलहाल दुर्घटना को लेकर पुलिस में कोई मामला दर्ज नहीं कराया गया है।

Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Deskhttps://aapkibaatnews.com
आपकी बात न्यूज डेस्क देश, प्रदेश और स्थानीय स्तर की हर महत्वपूर्ण खबर को तेज, विश्वसनीय और तथ्यात्मक तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। राजनीति, समाज, प्रशासन, शिक्षा, अपराध, मनोरंजन और जनसरोकार से जुड़े हर मुद्दे पर सटीक जानकारी और प्रभावशाली प्रस्तुति हमारी प्राथमिकता है, ताकि पाठकों को हर बड़ी अपडेट एक ही मंच पर मिल सके।

Latest Articles

Explore More