नाहन : श्री रेणुकाजी मेले के दौरान ददाहू बस स्टैंड पर बस पकड़ने की आपाधापी में एक व्यक्ति हादसे का शिकार हो गया। हादसे में घायल व्यक्ति की शिकायत पर पुलिस ने चालक के खिलाफ केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, राम लाल पुत्र बलदेव सिंह निवासी गांव लुधियाणा, डाकघर अंधेरी, तहसील संगड़ाह ने पुलिस थाना रेणुकाजी में शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत में उन्होंने बताया कि 24 नवंबर को वह रेणुकाजी मेले में आए थे। शाम करीब 7:15 बजे नाहन-अंधेरी रूट की बस ददाहू बस स्टैंड पहुंची।
बस को देखते ही स्टैंड पर खड़ी सवारियां सीट पाने के लिए बस की तरफ दौड़ने लगीं। इसी दौरान वह भी सीट रोकने के लिए बस की ओर जा रहे थे।
शिकायतकर्ता के अनुसार, चालक ने भीड़ को देखते हुए बस नहीं रोकी और उसे धीमी गति से आगे बढ़ाता रहा। इसी दौरान भीड़ में धक्का लगने से वह नीचे गिर गए और कंडक्टर साइड वाला अगला टायर उनकी बाईं टांग पर चढ़ गया।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर बस चालक राजेश के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले में आगामी कार्रवाई की जा रही है।
- ये भी पढ़ें : सिरमौर में सड़क हादसों का खौफनाक आंकड़ा; 190 दुर्घटनाओं में 110 लोगों की मौत, DC ने दिए ये निर्देश
- ये भी पढ़ें : हिमाचल मौसम अपडेट: इन जिलों में घने कोहरे का यलो अलर्ट, बारिश-बर्फबारी के लिए अभी करना होगा इंतजार





