होमHimachalShimlaस्थानीय निधि लेखा समिति की बैठक 27 नवंबर को, विभागों के लेखा...

स्थानीय निधि लेखा समिति की बैठक 27 नवंबर को, विभागों के लेखा अभिलेखों की होगी समीक्षा: अनुपम कश्यप

इसमें गत तीन वित्तीय वर्षों के कार्यकलापों, आय-व्यय के विवरण तथा वित्तीय एवं भौतिक प्रगति से संबंधित अभिलेखों का परीक्षण किया जाएगा।

शिमला : हिमाचल प्रदेश विधानसभा की स्थानीय निधि लेखा समिति की बैठक 27 नवंबर, 2026 को सुबह 11 बजे उपायुक्त कार्यालय शिमला के बचत भवन में आयोजित की जाएगी।

समिति की इस बैठक का मुख्य उद्देश्य जिला शिमला के विभिन्न विभागों एवं स्थानीय निधि से संबंधित संस्थानों के वित्तीय अभिलेखों की समीक्षा करना, लंबित लेखा ऑडिट आपत्तियों का निस्तारण सुनिश्चित करना तथा सार्वजनिक धन के उपयोग में पारदर्शिता, वित्तीय अनुशासन और जवाबदेही को सुदृढ़ बनाना है। यह जानकारी उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने दी।

उन्होंने बताया कि बैठक के दौरान समिति जिला शिमला के अंतर्गत आने वाली उन सभी संस्थाओं के लेखा परीक्षण प्रतिवेदनों की विस्तृत समीक्षा करेगी, जिनका ऑडिट हिमाचल प्रदेश राज्य लेखा परीक्षा विभाग द्वारा किया जाता है।

इसमें गत तीन वित्तीय वर्षों के कार्यकलापों, आय-व्यय के विवरण तथा वित्तीय एवं भौतिक प्रगति से संबंधित अभिलेखों का परीक्षण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त लंबित ऑडिट पैरों, उन पर की गई कार्रवाई तथा संबंधित विभागों द्वारा प्रस्तुत अनुपालना रिपोर्ट की भी समीक्षा की जाएगी।

ये भी पढ़ें:  स्कूली पाठयक्रम में शामिल होगा नशे के प्रति जागरूकता पर आधारित अध्याय

वित्तीय अनियमितताओं पर अंकुश और लंबित आपत्तियों का निस्तारण प्राथमिकता
समिति के समक्ष विभिन्न विभागों एवं संस्थानों की ऑडिट आपत्तियों की अद्यतन स्थिति प्रस्तुत की जाएगी। इसके तहत लोक निर्माण, पंचायती राज विभाग तथा अन्य संबंधित संस्थाओं के आंतरिक लेखा परीक्षण प्रतिवेदनों में दर्ज आपत्तियों की भी समीक्षा की जाएगी।

समिति का उद्देश्य केवल वित्तीय त्रुटियों को चिह्नित करना ही नहीं, बल्कि उनके समयबद्ध सुधार, उत्तरदायित्व निर्धारण तथा भविष्य में ऐसी कमियों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम सुनिश्चित करना भी है।

विभागों को अभिलेखों सहित उपस्थित रहने के निर्देश
बैठक की प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के लिए जिला शिमला के सभी विभागों के अधिकारियों एवं खंड विकास अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य की गई है। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने विभागों एवं खंडों से संबंधित ऑडिट पैरों और अनुपालना रिपोर्ट का अद्यतन विवरण समिति के समक्ष प्रस्तुत करने के लिए तैयार रखें।

ये भी पढ़ें:  1 से 3 तक रोहड़ू, रामपुर और आसपास के क्षेत्रों के दौरे पर रहेंगे CM सुक्खू; इन कार्यक्रमों में करेंगे शिरकत

इसके अतिरिक्त शिमला स्थित मेडिकल कॉलेज, डेंटल कॉलेज और नर्सिंग कॉलेज के गत तीन वर्षों के छात्र निधि (स्टूडेंट फंड) में कुल जमा राशि तथा उससे किए गए व्यय का पृथक-पृथक विवरण भी समिति की समीक्षा के लिए उपलब्ध करवाया जाएगा।

समिति के शिमला प्रवास के दौरान बैठक से संबंधित व्यवस्थाओं, आवश्यक अभिलेखों की उपलब्धता और विभागीय समन्वय को लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। समिति के सदस्यों एवं विधानसभा सचिवालय के अधिकारियों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।

इस बैठक का उद्देश्य वित्तीय प्रबंधन की गुणवत्ता सुधारने, सार्वजनिक धन के विवेकपूर्ण उपयोग को सुनिश्चित करने तथा सरकारी संस्थानों की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व बढ़ाना है। लेखा परीक्षण आपत्तियों का समयबद्ध निस्तारण न केवल प्रशासनिक दक्षता को बढ़ावा देता है, बल्कि विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में वित्तीय शुचिता बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

ये भी पढ़ें:  शिमला में 19 जगह खुलेंगी उचित मूल्य की दुकानें, 28 सितंबर तक आवेदन का मौका, चेक करें लिस्ट
Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Desk
"आपकी बात न्यूज़" एक लोकप्रिय हिंदी समाचार प्लेटफॉर्म है, जो राजनीति, समसामयिक घटनाओं, मनोरंजन, खेल और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर ताजे अपडेट्स प्रदान करता है।

Latest Articles

Explore More