नाहन : उदघोषित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सिरमौर पुलिस की पीओ सेल की टीम ने एक भगौड़े अपराधी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी के खिलाफ श्री रेणुकाजी में धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजकमल नेगी पुत्र रोशन लाल निवासी गांव व डाकघर खमाडी तहसील ननखड़ी जिला शिमला, हाल निवासी झाखड़ी, जिला शिमला के रूप में हुई है।

एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि राजकमल नेगी के खिलाफ 18 जुलाई 2021 को धारा 406, 420, 120बी और 411 आईपीसी के तहत थाना श्री रेणुकाजी में केस दर्ज है। आरोपी के खिलाफ न्यायालय में पेश न होने के कारण यह कार्रवाई की गई। उक्त मामले में न्यायालय में अनुपस्थित रहने पर उसे उदघोषित अपराधी घोषित किया गया था।
इस संबंध में पुलिस थाना श्री रेणुकाजी में धारा 209 बीएनएस के तहत एक और मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।



