HomeHimachalSirmaurसांसद सुरेश कश्यप ने नाहन में ली दिशा की बैठक, अधिकारियों को...

सांसद सुरेश कश्यप ने नाहन में ली दिशा की बैठक, अधिकारियों को दिए ये निर्देश

नाहन: सांसद सुरेश कश्यप ने डीसी कार्यालय के बचत भवन में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह रुके कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्वक पूर्ण करें. इस बैठक का उद्देश्य यही है कि केंद्र सरकार की ओर से जिला सिरमौर में चलाई जा रही योजनाओं की कार्य समीक्षा करना और उन योजनाओं को समयबद्ध व चरणबद्ध तरीके से पूर्ण करने के साथ-साथ आरंभ की गई नई योजनाओं का लाभ भी जिलावासियों को मिल सके. उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि वह सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाना सुनिश्चित करें.
सांसद ने लोक निर्माण विभाग को जिला में पीएमजीएसवाई के तहत बन रही सड़कों व टारिंग कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए. उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जिला सिरमौर के नगर परिषद नाहन, पांवटा साहिब व नगर पंचायत राजगढ़ में 620 आवासों का निर्माण लक्ष्य रखा गया था, जिसमें से 489 गृह निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है और शेष का कार्य शीघ्र पूर्ण कर लिया जाएगा. उन्होंने कृषि विभाग व उद्यान विभाग के अधिकारियों से कहा कि किसानों व बागवानों को दिए जाने वाले बीजों का वितरण समय पर समान अनुपात में करना सुनिश्चित करें.
कश्यप ने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन योजना के तहत जिला में 418 शौचालयों निर्माण के लिए आवेदन प्राप्त हुए, जिसमें शत प्रतिशत शौचालयों निर्माण कर दिया गया है. नगर परिषद नाहन में अब तक 272, नगर परिषद पांवटा साहिब में 146 शौचालयों का निर्माण किया गया है. सांसद ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत योजनाओं व कार्य की समीक्षा करते हुए जिला वासियों से प्रदेश को टीबी मुक्त प्रदेश बनाने में सहयोग का आग्रह किया. राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत अप्रैल माह से नवंबर 2024 तक जननी सुरक्षा योजना में 676 लाभार्थियों को 35 लाख 17 हजार 350 रुपए प्रदान किए गए. इसके अतिरिक्त जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत 3773 गर्भवती महिलाओं का संस्थागत प्रसव करवाया गया है. उन्होंने कहा कि शत प्रतिशत संस्थागत प्रसव के लिए विभाग जागरूकता शिविर आयोजित करें.
उन्होंने बताया कि जिला सिरमौर में 14 पीएमश्री स्कूल है, जिसमें 11 वरिष्ठ माध्यमिक व 3 प्राथमिक पाठशालाएं हैं, जिन्हें लगभग 28 लाख रुपए की राशि विभिन्न गतिविधियों के लिए प्रदान की जा चुकी है. उन्होंने बताया कि समेकित बाल विकास सेवाऐं योजना के अंतर्गत जिला के 0 से 6 वर्ष के 45649 और 7996 गर्भवती व धात्री माताओं को लाभ पहुंचाया गया. उन्होंने बताया कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत अभी तक 121917 घरों को पीने के पानी की सुविधा मुहैया करवाई गई है. प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के अंतर्गत जिला सिरमौर में 9 कार्य स्वीकृत किए गए है, जिस पर 1398.47 लाख रुपए की राशि व्यय की जा रही है.
बैठक के दौरान डीसी सिरमौर सुमित खिमटा ने विभागाध्यक्षों को धीमी गति से चल रहे कार्यों में तेजी लाने के भी निर्देश दिए. जिला विकास अधिकारी अभिषेक मित्तल ने क्रमवार मदों को प्रस्तुत कर बैठक को संचालित किया. इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्षा सीमा कन्याल, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी एलआर वर्मा, विभिन्न पंचायतों के प्रधान सहित सरकारी व गैर सरकारी सदस्य उपस्थित रहे.

ये भी पढ़ें:  यमुना नदी की लहरों में समाए युवकों की तलाश का दुखद अंत, सगे भाइयों के शवों का आज होगा अंतिम संस्कार
Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More