नाहन : शिक्षा विभाग सिरमौर के उड़न दस्ते ने जिले के दूरदराज शिक्षा खंड रोनहाट के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय द्राबिल में परीक्षा का अवलोकन किया। बुधवार को कक्षा दसवीं की गणित परीक्षा थी। इस केंद्र पर कुल 48 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। उड़नदस्ते ने पाया कि परीक्षा का संचालन पूरी व्यवस्था और अनुशासन के साथ किया जा रहा था। इस दौरान कहीं भी किसी प्रकार की कोताही नहीं पाई गई।
शिक्षा उपनिदेशक एलीमेंट्री सिरमौर राजीव ठाकुर ने बताया कि परीक्षा केंद्र में निगरानी के लिए कैमरों की उचित व्यवस्था की गई थी। निरीक्षण के दौरान कैमरों के डिस्प्ले की भी जांच की गई और रिकॉर्डिंग स्टोरेज को भी चेक किया गया, ताकि परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी बनी रहे। उन्होंने बताया कि उड़न दस्ता सुबह ठीक 10:30 बजे विद्यालय पहुंचा और दोपहर 1:00 बजे तक केंद्र में मौजूद रहकर पूरी परीक्षा प्रक्रिया का अवलोकन करता रहा।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि परीक्षा का संचालन विद्यालय में शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से किया गया। उन्होंने बताया कि विद्यालय में परीक्षा संचालन की निगरानी के लिए उनके नेतृत्व में उड़न दस्ता गठित किया गया था। इस दल में हिमांशु भारद्वाज और वीरेंद्र परमार शामिल रहे, जिन्होंने केंद्र की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। परीक्षाओं के दौरान विद्यालयों में जाकर अवलोकन किया जा रहा है।



