HomeHimachalSirmaurनाहन में 'तंबाकू मुक्त' मिशन पर फ्लाइंग स्क्वायड: काटे 10 चालान, सरेआम...

नाहन में ‘तंबाकू मुक्त’ मिशन पर फ्लाइंग स्क्वायड: काटे 10 चालान, सरेआम धुआं उड़ाने’ वाले भी धरे

BMO डॉ. मोनीषा ने कड़े शब्दों में चेतावनी दी कि तंबाकू उत्पाद बेचने और रखने के संबंध में कई सख्त कानूनी प्रावधान हैं, जिनका उल्लंघन करने पर भारी जुर्माना और कार्रवाई हो सकती है।

नाहन : जिला सिरमौर के मुख्यालय नाहन में इन दिनों तेजी से चलाए जा रहे तंबाकू मुक्त अभियान के तहत सोमवार को फ्लाइंग स्क्वायड की टीम ने बस स्टैंड, नया बाजार और कांशीवाला समेत कई प्रमुख हिस्सों में ताबड़तोड़ दबिश दी। इस दौरान तंबाकू उत्पाद रखने और बेचने वाले दुकानदारों में हड़कंप मच गया।

स्वास्थ्य खंड धगेड़ा की बीएमओ डॉ. मोनीषा अग्रवाल की अगुवाई में अमल में लाई जा रही इस कार्रवाई के दौरान फ्लाइंग स्क्वायड टीम में उनके साथ फूड सेफ्टी अफसर प्रियंका कश्यप समेत अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।

इस दौरान बस स्टैंड पर टीम ने एक ऐसी दुकान का भी चालान काटा, जो अभियान शुरू होने के बाद से लगातार बंद मिल रही थी। वहीं, कई जगह टीम ने तंबाकू उत्पाद रखने पर कई चालान काटे।

ये भी पढ़ें:  ऊना में पशु मित्र भर्ती की शारीरिक परीक्षा का शेड्यूल जारी, जानें आपके क्षेत्र में कब होगा टेस्ट

इस कार्रवाई के दौरान सिर्फ तंबाकू उत्पाद रखने वाले दुकानदार ही नहीं, जो लोग सार्वजनिक स्थानों पर बेफिक्री से बीड़ी-सिगरेट पीकर नियम तोड़ रहे थे, उन्हें भी फ्लाइंग स्क्वायड ने मौके पर पकड़ा और उनके चालान काटे गए।

BMO डॉ. मोनीषा ने कड़े शब्दों में चेतावनी दी कि तंबाकू उत्पाद बेचने और रखने के संबंध में कई सख्त कानूनी प्रावधान हैं, जिनका उल्लंघन करने पर भारी जुर्माना और कार्रवाई हो सकती है। उन्होंने बताया कि शैक्षणिक संस्थानों की 100 गज की परिधि में तंबाकू उत्पाद रखना या बेचना पूरी तरह से कानूनी अपराध है।

इस दायरे से बाहर भी बिना वैध लाइसेंस के तंबाकू उत्पाद न तो दुकानों में रखे जा सकते हैं और न ही बेचे जा सकते हैं।

ये भी पढ़ें:  विधायक सोलंकी ने चाकली और क्यारी पंचायतों को दी करोड़ों की सौगात, किए 9 उद्घाटन और शिलान्यास

सार्वजनिक स्थानों पर बीड़ी, सिगरेट या अन्य तंबाकू उत्पादों का सेवन करना कानूनन प्रतिबंधित है और इसका उल्लंघन करने पर चालान काटा जाता है। उन्होंने कहा कि 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को तंबाकू उत्पाद बेचना एक गंभीर अपराध है।

फूड सेफ्टी अफसर का भी एक्शन
अभियान के दौरान टीम में शामिल फूड सेफ्टी अफसर प्रियंका कश्यप ने भी मोर्चा संभाला। उन्होंने विशेष रूप से होटलों और ढाबों की सघन जांच की। उन्होंने रसोई की व्यवस्था, खाने की गुणवत्ता और सफाई मानकों का जायजा लिया।

उन्होंने सभी होटल-ढाबा मालिकों को उच्चतम स्तर की साफ-सफाई रखने के सख्त निर्देश दिए और चेताया कि अगली जांच में कमी पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें:  शहीद की बहन की शादी में 'भाई' बनकर पहुंचे सेना के जवान, निभाई हर रस्म, दुल्हन को ससुराल तक छोड़ा
Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More