Home Himachal Sirmaur तारूवाला में ग्रामीणों को बताया अचार, जूस और स्क्वैश से कमाई का...

तारूवाला में ग्रामीणों को बताया अचार, जूस और स्क्वैश से कमाई का फार्मूला, फल विधायन केंद्र धौलाकुआं ने लगाया शिविर

उद्यान विभाग के फल विज्ञान केंद्र धौलाकुआं की उद्यान विकास अधिकारी ज्योति ठाकुर और उद्यान प्रसार अधिकारी पवन कुमार ने प्रतिभागियों को विभिन्न प्रकार के अचार, जूस और स्क्वैश बनाने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

0

नाहन : पांवटा साहिब के तारूवाला में शनिवार को उद्यान विभाग के फल विधायन केंद्र धौलाकुआं की ओर से एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण शिविर में 35 प्रतिभागियों ने भाग लिया और उन्हें अचार, जूस और स्क्वैश बनाने की विधियां सिखाई गईं। शिविर का मुख्य उद्देश्य लोगों को फलों के प्रसंस्करण की जानकारी देकर उन्हें स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ना रहा।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को बताया गया कि स्थानीय स्तर पर उपलब्ध फलों और सब्जियों से अचार, जूस और स्क्वैश जैसे उत्पाद तैयार कर न केवल घर की जरूरतें पूरी की जा सकती हैं, बल्कि इसे आय का स्थायी साधन भी बनाया जा सकता है। इस तरह के उत्पादों की बाजार में लगातार मांग रहती है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में छोटे स्तर पर भी अच्छा रोजगार पैदा किया जा सकता है।

ये भी पढ़ें:  'जवान कपिल अमर रहे' के नारों से गूंजा शिलाई, सैन्य सम्मान के साथ पंचतत्व में विलीन, छोटे भाइयों ने दी मुखाग्नि

इस मौके पर उद्यान विभाग के फल विज्ञान केंद्र धौलाकुआं की उद्यान विकास अधिकारी ज्योति ठाकुर और उद्यान प्रसार अधिकारी पवन कुमार ने प्रतिभागियों को विभिन्न प्रकार के अचार, जूस और स्क्वैश बनाने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने यह भी बताया कि यदि इन उत्पादों को सही तरीके से तैयार और पैक किया जाए तो इन्हें बाजार में बेचकर अतिरिक्त आय अर्जित की जा सकती है।

प्रशिक्षण शिविर में मौजूद लोगों ने भी इस तरह के कार्यक्रमों को उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे ग्रामीण महिलाओं और युवाओं को घर बैठे रोजगार के नए अवसर मिल सकते हैं। वहीं, अधिकारियों ने ग्रामीणों से कहा कि भविष्य में भी इस तरह के प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को स्वरोजगार के लिए प्रेरित किया जा सके।

ये भी पढ़ें:  एसआईयू की बड़ी कार्रवाई, नाहन में 15.6 ग्राम चिट्टे के साथ 3 गिरफ्तार