HomeHimachalSirmaurकार्यकाल खत्म होने से ठीक पहले याद आईं यशवंत विहार कॉलोनी की...

कार्यकाल खत्म होने से ठीक पहले याद आईं यशवंत विहार कॉलोनी की समस्याएं, आज तक की अनदेखी : नरेंद्र तोमर

यशवंत विहार कल्याण समिति और शिव शक्ति कॉलोनी जड़जा की संयुक्त प्रेस वार्ता बुधवार को आयोजित की गई। प्रेस वार्ता की अगुवाई कांग्रेसी नेता और वार्ड नंबर-2 से पूर्व प्रत्याशी नरेंद्र तोमर ने की। इस दौरान उन्होंने नाहन नगर परिषद और वार्ड के भाजपा समर्थित पार्षद की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए।

नाहन : यशवंत विहार कल्याण समिति और शिव शक्ति कॉलोनी जड़जा की संयुक्त प्रेस वार्ता बुधवार को आयोजित की गई। प्रेस वार्ता की अगुवाई कांग्रेसी नेता और वार्ड नंबर-2 से पूर्व प्रत्याशी नरेंद्र तोमर ने की। इस दौरान उन्होंने नाहन नगर परिषद और वार्ड के भाजपा समर्थित पार्षद की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए।

नरेंद्र तोमर ने कहा कि पिछले करीब 10 वर्षों से नाहन नगर परिषद पर भाजपा का वर्चस्व रहा है। मौजूदा नगर परिषद का कार्यकाल अब अंतिम चरण में है और मात्र 11 दिन शेष हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पांच साल तक जिन समस्याओं पर भाजपा पार्षदों की नजर नहीं पड़ी, वही समस्याएं अब कार्यकाल समाप्ति के समय अचानक दिखाई देने लगी हैं।

उन्होंने कहा कि जब नगर परिषद भी भाजपा की है और वार्ड का प्रतिनिधित्व भी भाजपा पार्षद कर रहा है, तब अपनी ही परिषद की कार्यप्रणाली पर प्रेस वार्ता कर सवाल उठाना इस बात का संकेत है कि व्यवस्था भीतर से ही चरमरा चुकी है। यह स्थिति भाजपा की अंदरूनी विफलता को उजागर करती है।

ये भी पढ़ें:  सामाजिक सुरक्षा पेंशनर 15 फरवरी तक करवा लें ई-केवाईसी : जिला कल्याण अधिकारी

नरेंद्र तोमर ने आरोप लगाया कि वार्ड नंबर-2 में मूलभूत सुविधाओं की स्थिति बेहद चिंताजनक है। वर्ष 2017 में यशवंत विहार को नगर परिषद के अधीन लाए जाने के बावजूद अब तक न तो सीवरेज लाइन बिछाई गई और न ही ड्रेनेज की समुचित व्यवस्था हो पाई। बच्चों के लिए पार्क जैसी बुनियादी सुविधा भी आज तक उपलब्ध नहीं है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण नियमों को नजरअंदाज करते हुए पार्क के लिए चिन्हित भूमि पर बड़ी-बड़ी इमारतें खड़ी कर दी गईं, जबकि नगर परिषद मूकदर्शक बनी रही।

तोमर ने कहा कि क्षेत्र में बिजली के खंभे तो लगे हुए हैं, लेकिन स्ट्रीट लाइटें वर्षों से बंद पड़ी हैं। इससे साफ है कि विकास केवल कागजों तक सीमित रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा अब जाली वोट जैसे मुद्दे उछालकर अपनी नाकामी से जनता का ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है, जबकि जमीनी समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं।

ये भी पढ़ें:  5 सितंबर नहीं, इस बार सरकारी स्कूलों में 30 अगस्त को होगा 'मेगा शिक्षा संवाद'

उन्होंने कहा कि यशवंत विहार और वार्ड नंबर-2 के विकास में यदि किसी का वास्तविक योगदान रहा है तो वह स्थानीय विधायक अजय सोलंकी का है। विधायक निधि सहित अन्य मदों से सड़क सुधार, इंटरलॉक टाइल बिछाने और गायत्री मंदिर परिसर जैसे कार्यों के लिए धन उपलब्ध कराया गया। इसके विपरीत भाजपा ने इस क्षेत्र को केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया और विकास के नाम पर लगातार उपेक्षा की।

नरेंद्र तोमर ने कहा कि इस क्षेत्र में पढ़े-लिखे और जागरूक नागरिक रहते हैं, जो भाजपा की कथनी और करनी का अंतर भली-भांति समझ चुके हैं। आने वाले समय में जनता भाजपा नेताओं और पार्षदों से सवाल करेगी कि पिछले पांच वर्षों में वार्ड के लिए ऐसा कौन सा ठोस विकास कार्य किया गया है, जिस पर वे गर्व कर सकें।

ये भी पढ़ें:  खिजवाड़ी में राष्ट्रीय युवा सप्ताह कार्यक्रम : लंबी कूद में अर्जुन व सोनिका, भाषण में साक्षी अव्वल

प्रेस वार्ता में यशवंत विहार कल्याण समिति के अध्यक्ष संजय ठाकुर, शिव शक्ति कॉलोनी के अध्यक्ष विनोद कंठ, योगेंद्र ठाकुर, कैप्टन नागेंद्र ठाकुर, रिखीराम शर्मा, गुमान सिंह सहित कई लोग उपस्थित रहे।

Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More