नाहन : जिला सिरमौर के पुलिस थाना रेणुकाजी क्षेत्र के तहत पुलिस ने अफीम की अवैध खेती का खुलासा किया है, जहां लहसुन के खेत में अफीम के पौधे बरामद हुए। हालांकि इस कार्रवाई की भनक लगते ही आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस थाना रेणुकाजी की टीम को सूचना मिली थी कि विनय कुमार निवासी गांव व डाकघर महीपुर, तहसील ददाहू ने अपने घर के पीछे लहसुन के खेत में अफीम के पौधे उगा रखे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और बताए गए स्थान पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने खेत से 25 अफीम के पौधे बरामद किए। हालांकि, पुलिस की भनक लगते ही आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने इस संबंध में ND&PS एक्ट की धारा 18 के तहत केस दर्ज कर लिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
एसपी ने बताया कि जिले में नशे और अवैध खेती के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे न तो इस तरह की खेती करें और न ही किसी को करने दें।
