नाहन : नगर परिषद नाहन के वार्ड नंबर 4 में बरसाती पानी के घरों में घुसने की समस्या से परेशान लोगों को अब राहत मिलने की उम्मीद है।
स्थानीय पार्षद पूजा तोमर ने लोगों की परेशानी को देखते हुए उस स्थान पर दोबारा सीढ़ियों का निर्माण करवाया है, जहां पहले सीढ़ियां हटाकर समतल ढलानदार रास्ता बना दिया गया था।
घरों में घुसता था बारिश का पानी
स्थानीय निवासियों के अनुसार, सीढ़ियों की जगह ढलान बनने से बारिश का पानी तेजी से बहकर आसपास के घरों में प्रवेश कर जाता था। इससे लोगों को हर बरसात में परेशानी झेलनी पड़ती थी।
समस्या को गंभीरता से लेते हुए पार्षद पूजा तोमर ने संबंधित स्थान पर दोबारा सीढ़ियां बनवाने का कार्य करवाया, ताकि पानी के बहाव से घरों में होने वाली परेशानी को कम किया जा सके।
लोगों ने जताया आभार
सीढ़ियों का निर्माण होने के बाद आसपास के निवासियों ने खुशी जाहिर करते हुए पार्षद पूजा तोमर का आभार जताया।
पार्षद ने कहा कि वार्ड के लोगों की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है। विकास का मतलब केवल बड़े निर्माण कार्य करवाना नहीं, बल्कि लोगों की रोजमर्रा की छोटी-छोटी परेशानियों को दूर करना भी है।
उन्होंने कहा कि जनता को राहत पहुंचाने के लिए वे निरंतर प्रयास करती रहेंगी।

