HomeHimachalSirmaurविधानसभा में गूंजा राजगढ़ पार्किंग का मुद्दा, विधायक रीना कश्यप ने सरकार...

विधानसभा में गूंजा राजगढ़ पार्किंग का मुद्दा, विधायक रीना कश्यप ने सरकार से पूछा निर्माण कब होगा?

नगर पंचायत राजगढ़ में प्रस्तावित पार्किंग निर्माण को लेकर पच्छाद विधायक रीना कश्यप ने विधानसभा में सवाल उठाकर इसकी वर्तमान स्थिति और निर्माण प्रक्रिया की जानकारी मांगी।

राजगढ़ : नगर पंचायत राजगढ़ में प्रस्तावित पार्किंग निर्माण को लेकर पच्छाद विधायक रीना कश्यप ने विधानसभा में सवाल उठाकर इसकी वर्तमान स्थिति और निर्माण प्रक्रिया की जानकारी मांगी। विधानसभा में प्रश्न संख्या 4740 के तहत पूछे गए सवाल के जवाब में सरकार की ओर से बताया गया कि पार्किंग निर्माण के लिए जिला प्रशासन द्वारा भूमि हस्तांतरित की जा चुकी है।

सरकार के अनुसार लोक निर्माण विभाग ने पार्किंग निर्माण के लिए करीब 12,69,49,425 रुपये की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार की है। नगर पंचायत राजगढ़ की ओर से लोक निर्माण विभाग को अब तक 1,02,72,221 रुपये की राशि उपलब्ध करवाई जा चुकी है। वहीं, नगर पंचायत के पास वर्तमान में 24,896 रुपये की शेष राशि उपलब्ध है, जिसे शीघ्र ही लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित किया जाना है।

ये भी पढ़ें:  बेकाबू ट्राले ने एक के बाद एक रौंदे तीन वाहन, पांवटा-कालाअंब हाईवे पर मची अफरा-तफरी, हादसा टला पर ये बड़ा सवाल

विधायक रीना कश्यप ने विधानसभा में सरकार से पूछा था कि क्या पार्किंग निर्माण के लिए नगर पंचायत राजगढ़ को भूमि हस्तांतरित की जा चुकी है, क्या लोक निर्माण विभाग द्वारा इसकी डीपीआर तैयार की गई है तथा टेंडर प्रक्रिया के लिए नगर पंचायत की ओर से विभाग को कितनी धनराशि उपलब्ध करवाई गई है।

उन्होंने यह भी जानना चाहा कि क्या नगर पंचायत राजगढ़ के पास पार्किंग निर्माण के लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध है। यदि धनराशि की कमी है तो क्या सरकार इस कार्य को दो चरणों में करवाने पर विचार कर रही है। जवाब में सरकार की ओर से बताया गया कि नगर पंचायत राजगढ़ द्वारा शहरी विकास विभाग के पास अतिरिक्त धनराशि उपलब्ध करवाने का प्रस्ताव भेजा गया है। लोक निर्माण विभाग से विस्तृत परियोजना रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही इस संबंध में आगामी कार्रवाई पर विचार किया जाएगा।

ये भी पढ़ें:  नाहन नगर परिषद गठन में देरी पर भाजपा पार्षदों का हल्ला बोल, सरकार पर जनादेश पलटने की कोशिश का आरोप

विधायक रीना कश्यप ने कहा कि पार्किंग निर्माण के लिए उपलब्ध करीब एक करोड़ रुपये की राशि भी पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में तत्कालीन मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर द्वारा स्वीकृत की गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार की ओर से पार्किंग निर्माण के लिए अतिरिक्त धनराशि का कोई प्रावधान नहीं किया गया है।

Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Desk
"आपकी बात न्यूज़" एक लोकप्रिय हिंदी समाचार प्लेटफॉर्म है, जो राजनीति, समसामयिक घटनाओं, मनोरंजन, खेल और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर ताजे अपडेट्स प्रदान करता है।

Latest Articles

Explore More