नाहन : जिला सिरमौर में रविवार सुबह तेज आंधी और बारिश ने कालाअंब-पांवटा साहिब नेशनल हाईवे-07 पर बोहलियों के पास एक पेड़ जड़ से उखड़कर सड़क पर गिर गया, जिससे दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
अचानक हुए इस घटना से हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सुबह दफ्तर जाने वाले लोग, स्कूली वाहन और अन्य यात्री घंटों जाम में फंसे रहे। सड़क के दोनों छोर पर वाहनों की लंबी लाइनें लगने से लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी।
स्थानीय लोगों की सूचना पर संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पेड़ हटाने का कार्य शुरू किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद सड़क से पेड़ हटाया गया, जिसके बाद यातायात बहाल हो सका।
इस दौरान यात्रियों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा। हालांकि, सड़क बहाल होने के बाद स्थिति सामान्य हो गई।
गौरतलब है कि रविवार सुबह जिलेभर में आए आंधी-तूफान और बारिश के चलते कई स्थानों पर पेड़ गिरने और नुकसान की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ।
