नाहन : देववाणी संस्कृत भाषा के संरक्षण-संवर्धन और विद्यार्थियों में इसके प्रति रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से भाषा एवं संस्कृति विभाग सिरमौर की ओर से सोमवार को गोरक्षनाथ राजकीय संस्कृत महाविद्यालय नाहन में जिला स्तरीय संस्कृत सप्ताह महोत्सव आयोजित किया गया। महोत्सव में सिरमौर के करीब 25 स्कूलों के 110 विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
जिला भाषा अधिकारी कांता नेगी ने कहा कि संस्कृत भारतीय संस्कृति, ज्ञान, साहित्य और परंपरा की अमूल्य धरोहर है। संस्कृत सप्ताह के माध्यम से विद्यार्थियों में भाषा के संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति रुचि और प्रेम जागृत करने के साथ उन्हें गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ गोरक्षनाथ राजकीय संस्कृत महाविद्यालय नाहन के विद्यार्थियों के संस्कृत स्वागत गीत से हुआ। कार्यक्रम में उप निदेशक उच्च शिक्षा सिरमौर डॉ. मदन लाल ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की।
उन्होंने कहा कि संस्कृत हमारी अपनी भाषा है और इसे आम बोलचाल में शामिल करने का प्रयास होना चाहिए। उन्होंने कहा कि भावी पीढ़ी पाश्चात्य संस्कृति की ओर आकर्षित हो रही है, जिसके कारण संस्कृत भाषा का प्रचलन कम हो रहा है। सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को भी संस्कृत की ओर आकर्षित करने के लिए उचित कदम उठाए जाएंगे।
महोत्सव के दौरान श्लोकोच्चारण, एकल गीतिका गायन, निबंध लेखन और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
श्लोकोच्चारण प्रतियोगिता में राजकीय उच्च विद्यालय सिरमौरी ताल की प्रतिज्ञा प्रथम, राजकीय उच्च विद्यालय बनाह की सैर के हर्षित ठाकुर द्वितीय और राजकीय उच्च विद्यालय छोऊ भोगर की स्नेहा शर्मा तृतीय स्थान पर रहीं।
संस्कृत एकल गीतिका प्रतियोगिता में एवीएन स्कूल नाहन की स्निग्धा ने प्रथम, राजकीय उच्च विद्यालय छोऊ भोगर की संजना ने द्वितीय और एसवीएन स्कूल नाहन की जैस्मिन कौर ने तृतीय स्थान हासिल किया।
निबंध लेखन प्रतियोगिता में एवीएन स्कूल नाहन की स्मृद्धि भारद्वाज प्रथम, राजकीय उच्च विद्यालय बनाह की सैर की साक्षी ठाकुर द्वितीय और पाइन वुड पब्लिक हाई स्कूल जमटा की यशस्वी तृतीय रहीं।
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मुगलावाला करतारपुर की अंशिका और अनन्या चौधरी की टीम प्रथम रही। पाइनवुड हिल पब्लिक स्कूल जमटा की स्मृति और अवनी की टीम ने द्वितीय तथा राजकीय उच्च विद्यालय सिरमौरी ताल के सूरज और महक की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इस मौके पर गोरक्षनाथ महाविद्यालय की आचार्य डॉ. सुमीता, डॉ. सीमा वर्मा, डॉ. सोमदत्त, डॉ. ओमकार और लायकराम शास्त्री ने निर्णायक मंडल की भूमिका निभाई। प्राचार्य डॉ. नरेश शर्मा ने बताया कि हर वर्ष श्रावण पूर्णिमा के अवसर पर संस्कृत सप्ताह महोत्सव आयोजित किया जाता है। अंत में आचार्य डॉ. सोमदत्त ने सभी का धन्यवाद किया।
