HomeHimachalSirmaurनाहन फाउंड्री की खाली भूमि से सुलझ सकती है शहर की पार्किंग...

नाहन फाउंड्री की खाली भूमि से सुलझ सकती है शहर की पार्किंग समस्या : विशाल तोमर

पूर्व पार्षद ने कहा कि शहर के मध्य स्थित नाहन फाउंड्री की कई बीघा भूमि लंबे समय से बेकार पड़ी है। इस भूमि पर रखा टनों स्टील और लोहा देखरेख के अभाव में खराब हो रहा है।

नाहन : शहर में लगातार गंभीर होती जा रही पार्किंग समस्या को लेकर रोड़ सेफ्टी क्लब के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व पार्षद विशाल तोमर ने प्रशासन द्वारा हाल ही में किए गए निरीक्षण का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि एसडीएम, आरटीओ और नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी द्वारा मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लेना सकारात्मक कदम है, लेकिन समस्या के स्थायी समाधान के लिए नाहन फाउंड्री की खाली पड़ी भूमि का सदुपयोग सबसे प्रभावी विकल्प हो सकता है।

पूर्व पार्षद ने कहा कि शहर के मध्य स्थित नाहन फाउंड्री की कई बीघा भूमि लंबे समय से बेकार पड़ी है। इस भूमि पर रखा टनों स्टील और लोहा देखरेख के अभाव में खराब हो रहा है। उनका सुझाव है कि सरकार इस लोहे को बेचकर प्राप्त राजस्व का उपयोग उसी स्थान पर एक विशाल पार्किंग स्थल विकसित करने में करे, जिससे शहर की सबसे बड़ी समस्या को काफी हद तक हल किया जा सके।

ये भी पढ़ें:  सिरमौर: नाकेबंदी देख घबराया चालक, भागने की कोशिश में कार कच्चे में उतारी पर पेड़ बना बाधा; फिर नशीले कैप्सूल के साथ दबोचा गया

उन्होंने नया बाजार चौक का जिक्र करते हुए कहा कि वहां स्थित फाउंड्री का जर्जर खंडहर न केवल बदसूरत दिखता है, बल्कि लोग उसमें कचरा भी फेंक रहे हैं, जिससे आसपास गंदगी फैली रहती है। यदि इस जर्जर ढांचे को गिराकर वहां दोपहिया वाहनों के लिए पार्किंग विकसित की जाए तो नया बाजार क्षेत्र में पैदल चलने वालों को राहत मिलेगी और बाजार की स्वच्छता भी बनी रहेगी।

पूर्व पार्षद विशाल तोमर ने बताया कि अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कई बार जिलाधीश के समक्ष यह प्रस्ताव रखा था, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बार प्रशासन निरीक्षण के बाद इस प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार करेगा।

ये भी पढ़ें:  देव एवं शास्त्र शक्ति को लोगों तक पहुंचाने का काम करेगी ब्राह्मण सभा, नाहन में हुआ राज्यस्तरीय सम्मेलन

उन्होंने कहा कि नाहन की सड़कों को जाम से मुक्त करने और अनियंत्रित पार्किंग की समस्या से निजात दिलाने के लिए फाउंड्री की भूमि को पार्किंग में बदलना शहर के हित में एक अहम फैसला साबित हो सकता है। इससे न केवल स्थानीय लोगों और व्यापारियों को राहत मिलेगी, बल्कि नाहन के ऐतिहासिक स्वरूप को सुरक्षित रखने में भी मदद मिलेगी।

Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More