HomeHimachalSirmaurविनय गुप्ता के निधन से सिरमौर भाजपा को अपूरणीय क्षति, समर्पण और...

विनय गुप्ता के निधन से सिरमौर भाजपा को अपूरणीय क्षति, समर्पण और सेवाभाव सदैव रहेगा याद: डॉ. राजीव बिंदल

सिरमौर भाजपा के वरिष्ठ, समर्पित और कर्मठ नेता विनय गुप्ता का निधन हो गया है।

शिमला/नाहन : सिरमौर भाजपा के वरिष्ठ, समर्पित और कर्मठ नेता विनय गुप्ता के निधन से भाजपा परिवार में शोक की लहर है। उनके निधन पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने गहरा दुःख व्यक्त किया है। डॉ. बिंदल ने विनय गुप्ता के निधन को संगठन और सिरमौर जिले के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए कहा कि उनका समर्पण, सेवाभाव और कार्यकर्ताओं के साथ आत्मीय जुड़ाव हमेशा स्मरणीय रहेगा।

डॉ. बिंदल ने कहा कि विनय गुप्ता लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे, लेकिन स्वास्थ्य संबंधी कठिनाइयों के बावजूद संगठन के प्रति उनकी निष्ठा और कार्यकर्ताओं से उनका जुड़ाव कभी कम नहीं हुआ। वे लगातार संगठन की गतिविधियों से जुड़े रहे और कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते रहे। उनका सरल, सहज और मिलनसार व्यक्तित्व हर किसी को अपना बना लेता था।

ये भी पढ़ें:  नाहन में गर्भवती महिलाओं के लिए खास पहल, पोषण की जानकारी के साथ बांटा स्वास्थ्यवर्धक आहार

बता दें कि विनय गुप्ता का भाजपा संगठन और सार्वजनिक जीवन से लंबा जुड़ाव रहा। वे नाहन विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ भाजपा नेताओं में शामिल रहे और नाहन से भाजपा प्रत्याशी के रूप में विधानसभा चुनाव भी लड़ चुके थे। वे अपनी पंचायत में तीन बार प्रधान रहने के साथ नाहन ब्लॉक समिति के अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके थे। वर्ष 2018 में उन्हें सिरमौर भाजपा का जिलाध्यक्ष बनाया गया था। उस समय वे जिला परिषद सदस्य और भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य भी रहे।

जिलाध्यक्ष के रूप में भी विनय गुप्ता लंबे समय तक संगठन की गतिविधियों में सक्रिय रहे। वर्ष 2023 में उन्हें दोबारा सिरमौर भाजपा की कमान सौंपी गई थी। संगठन विस्तार, कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने और पार्टी की गतिविधियों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में उनकी सक्रिय भूमिका रही। बाद में वे भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता के रूप में भी पार्टी का पक्ष मजबूती से रखते रहे और नाहन व सिरमौर से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सार्वजनिक रूप से सक्रिय रहे।

ये भी पढ़ें:  रूटर मशीन की चपेट में आया मजदूर, हाथ की कटीं 4 उंगलियां

डॉ. बिंदल ने कहा कि विनय गुप्ता जैसे समर्पित कार्यकर्ता किसी भी संगठन की वास्तविक शक्ति होते हैं। उन्होंने अपना जीवन संगठन और समाज की सेवा में लगाया। उनके निधन से सिरमौर भाजपा ने एक अनुभवी, निष्ठावान और आत्मीय साथी खो दिया है, जिसकी भरपाई आसान नहीं है।

भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल और शांता कुमार, पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, सांसद सुरेश कश्यप, डॉ. सिकंदर कुमार, डॉ. राजीव भारद्वाज, हर्ष महाजन और कंगना रनौत सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने भी विनय गुप्ता के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

ये भी पढ़ें:  मारकंडा नदी पर बने रिकॉर्ड 11 पुल, डॉ. राजीव बिंदल बोले- बदली हजारों लोगों की जिंदगी, खत्म हुआ बरसात का डर

सभी नेताओं ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि विनय गुप्ता का संगठन के प्रति समर्पण, कार्यकर्ताओं के साथ आत्मीय संबंध और समाजसेवा में उनका योगदान सदैव याद किया जाएगा। भाजपा नेताओं ने प्रभु श्रीराम से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Desk
"आपकी बात न्यूज़" एक लोकप्रिय हिंदी समाचार प्लेटफॉर्म है, जो राजनीति, समसामयिक घटनाओं, मनोरंजन, खेल और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर ताजे अपडेट्स प्रदान करता है।

Latest Articles

Explore More