नाहन : अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुकाजी मेला-2026 के सफल आयोजन को लेकर शनिवार को कुब्जा पवेलियन में श्री रेणुका जी विकास बोर्ड के अध्यक्ष एवं विधायक रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र विनय कुमार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।
विनय कुमार ने कहा कि इस वर्ष यह मेला 19 नवंबर से 24 नवंबर, 2026 तक मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वर्ष की भांति परंपरा अनुसार क्षेत्र के देवताओं को भी आमंत्रित किया जाएगा। मेले के दौरान पारंपरिक शोभा यात्रा, रेणुकाजी घाट पर आरती और नौका विहार भी आयोजित होगा।
उन्होंने सभी अधिकारियों, सरकारी एवं गैर सरकारी सदस्यों को अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुकाजी मेले के सफल आयोजन के लिए समन्वय के साथ कार्य करने को कहा। उन्होंने कहा कि जन समर्थन और जन भागीदारी के कारण ही यह मेला सफलता पूर्वक आयोजित किया जाता रहा है।
उन्होंने मेले के दौरान स्वच्छता बनाए रखने के दृष्टिगत साफ-सफाई को लेकर विशेष कार्य योजना बनाने तथा मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सहूलियत के लिए क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर रोशनी की भी समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। मेले के दौरान खाद्य वस्तुओं की गुणवत्ता के लिए नियमित जांच करने, स्वच्छ पेय जल आपूर्ति अस्थाई पाइप लाइनों के माध्यम से तथा मेले के दौरान सुरक्षा व्यस्था के पुख्ता प्रबंध करने के निर्देश दिए।
उन्होंने विभागीय अधिकारियों को परिवहन, यातायात तथा पार्किंग व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधाओं की व्यवस्था सहित सभी आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कहा।
उन्होंने कहा कि मेला अवधि के दौरान चयनित स्थानों पर स्वागत द्वारों का निर्माण किया जाएगा और मेला के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा प्रदेश सरकार की विकासात्मक योजनाओं को दर्शानें वाली प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी, ताकि मेले में आने वाले लोगों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी व लाभ उठाने के लिए प्रेरणा मिल सके। उन्होंने कहा कि रेणुकाजी विकास बोर्ड द्वारा इस वर्ष श्री रेणुकाजी मेले में और सुधार के भी प्रयास किए जाएंगे।
हिमाचली कलाकारों को मिलेगी प्राथमिकता
विनय कुमार ने कहा कि इस अंतरराष्ट्रीय मेला में विभिन्न सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रसिद्ध कलाकारों को प्रस्तुतियों के लिए आमंत्रित किया जाएगा और हिमाचली कलाकारों को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अतिरिक्त मेला में दंगल, वाद्य दल तथा अन्य प्रतियोगिताओं का आयोजन भी प्रमुखता से किया जाएगा।
विनय कुमार ने कहा कि श्री रेणुकाजी मेले के लिए स्वीकृति विकास बोर्ड द्वारा प्रदेश सरकार से ली जाती है। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से अनुरोध किया कि मेले की स्वीकृति के नाम पर किसी भी व्यक्ति द्वारा चंदा एकत्रित करने वालों की शिकायत प्रशासन व बोर्ड को करें और ऐसे व्यक्तियों से बचें।
उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने बैठक में धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत करते हुए कहा कि यह मेला प्रदेश सरकार की एंटी चिट्टा अभियान को भी प्रोत्साहित करेगा। उन्होंने कहा कि मेले के सफल आयोजन के लिे विभिन्न उप समितियों का गठन किया जाएगा। एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान ने बैठक का संचालन करते हुए मदों को क्रमवार प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक निश्चिंत नेगी, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी एकता काप्टा, विभिन्न विभागों के अधिकारियों सहित श्री रेणुकाजी विकास बोर्ड के सरकारी और गैर सरकारी सदस्य मौजूद रहे।