Home Himachal नाहन में सिरमौर का पहला टेबल टेनिस-स्क्वैश कोर्ट कॉम्प्लेक्स बनकर तैयार, 8...

नाहन में सिरमौर का पहला टेबल टेनिस-स्क्वैश कोर्ट कॉम्प्लेक्स बनकर तैयार, 8 मार्च को सीएम करेंगे लोकार्पण

भवन के भूतल को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप स्क्वैश कोर्ट के रूप में तैयार किया गया है, जबकि ऊपरी दो मंजिलों पर टेबल टेनिस के लिए आधुनिक हॉल विकसित किए गए हैं।

0

नाहन : जिला सिरमौर के खिलाड़ियों को बड़ी सौगात मिलने जा रही है। अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप निर्मित जिले का पहला स्क्वैश कोर्ट पूरी तरह तैयार हो चुका है। 3 करोड़ 2 लाख रुपए की लागत से बने अत्याधुनिक स्क्वैश एवं टेबल टेनिस परिसर का उद्घाटन 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के प्रस्तावित सिरमौर प्रवास के दौरान किया जाएगा।

इस बहुमंजिला खेल परिसर की आधारशिला वर्ष 2015 में तत्कालीन मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने रखी थी। निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद अब यह सुविधा खिलाड़ियों के लिए शीघ्र उपलब्ध होगी। जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी रमा शर्मा के अनुसार सिरमौर जिले में अपनी तरह का यह पहला स्क्वैश कोर्ट है, जहां खिलाड़ियों को स्क्वैश और टेबल टेनिस दोनों के लिए आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी।

ये भी पढ़ें:  Kisan Advisory : जून माह के पहले पखवाड़े में किसान करें ये काम, कौन सी किस्में उगाएं, यहां समझें पूरी विधि

भवन के भूतल को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप स्क्वैश कोर्ट के रूप में तैयार किया गया है, जबकि ऊपरी दो मंजिलों पर टेबल टेनिस के लिए आधुनिक हॉल विकसित किए गए हैं। इस सुविधा के शुरू होने से जिले के खिलाड़ियों को अब स्थानीय स्तर पर ही अभ्यास का अवसर मिलेगा और युवा स्क्वैश जैसे तकनीकी खेल में अपनी प्रतिभा निखार सकेंगे।

अधिकारियों का मानना है कि यह परिसर युवाओं को सकारात्मक दिशा देने, उन्हें नशे और सामाजिक बुराइयों से दूर रखने और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। परियोजना का निर्माण हिमाचल प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम ने किया है। खेल प्रेमियों को उम्मीद है कि इस सुविधा से नाहन और पूरे सिरमौर में खेल गतिविधियों को नई गति मिलेगी।

ये भी पढ़ें:  सिरमौर में अंधड़ ने मचाई भारी तबाही, पेड़ गिरे, गाड़ियों को नुकसान, फसलें तबाह, कई कच्चे और पक्के मकान भी क्षतिग्रस्त