बद्दी : नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए बद्दी पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से कुल 57.47 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की है। कार्रवाई के दौरान नशे की तस्करी में इस्तेमाल एक पिकअप और एक स्कूटी को भी कब्जे में लिया गया है।
एसपी विनोद धीमान ने बताया कि पहली कार्रवाई में बद्दी पुलिस की स्पेशल सेल-X और पुलिस थाना नालागढ़ की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर जुगराल होटल के पास एक संदिग्ध टाटा योद्धा पिकअप को रोककर तलाशी ली। इस दौरान वाहन के गियर लीवर बॉक्स के पास पॉलीथिन में छिपाकर रखा 56.13 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से मंगा सिंह निवासी गांव लोहकेकलां, तहसील जीरा, जिला फिरोजपुर, पंजाब और रिंकू सिंह निवासी गांव भूशी, थाना सराय अमानत खान, जिला तरनतारन, पंजाब को गिरफ्तार किया। पुलिस ने पिकअप नंबर HP12Q-7343 को भी कब्जे में ले लिया है।
उन्होंने बताया कि दूसरी कार्रवाई में पुलिस थाना रामशहर की टीम ने गश्त के दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर जांडू पुल के पास एक होंडा एक्टिवा के साथ खड़े दो संदिग्धों की तलाशी ली। तलाशी में उनके कब्जे से दो सिरिंज और 1.34 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई। आरोपियों की पहचान राज राय निवासी गांव नावाबगढ़, तहसील विकासनगर, जिला देहरादून, उत्तराखंड और मोहित सेन निवासी गांव शेमलेग, डाकघर रामपुर कनथोल, जिला शिमला के रूप में हुई है। पुलिस ने स्कूटी नंबर HP52C-9175 को भी कब्जे में लिया है।
एसपी ने बताया कि दोनों मामलों में पुलिस थाना नालागढ़ और पुलिस थाना रामशहर में NDPS Act की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग दर्ज किए गए हैं। पुलिस बरामद नशे के स्रोत और आरोपियों के संपर्कों की पड़ताल कर रही है। दोनों मामलों में आगामी अन्वेषण जारी है।
